
ठाणे. महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 35 वर्षीय एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के बाद कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या करने की कोशिश की. एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी. शांति नगर पुलिस थाने के निरीक्षक विक्रम मोहिते ने बताया कि सोमवार को हुई इस घटना के बाद व्यक्ति ने अपनी कलाई काट कर आत्महत्या करने का भी प्रयास किया, जिसके बाद दोनों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया. अधिकारी ने बताया कि भिवंडी शहर के रहने वाले आरोपी और उसकी 21 वर्षीय पत्नी के बीच घरेलू मुद्दों को लेकर अक्सर विवाद होता था.
उन्होंने कहा कि सोमवार को व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर ब्लेड से हमला कर उसकी हत्या करने की कोशिश की और बाद में उसने अपनी कलाई काट कर आत्महत्या का प्रयास किया.अधिकारी ने बताया कि आरोपी और उसकी पत्नी को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है, जहां दोनों का इलाज चल रहा है. उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 307 (हत्या का प्रयास) और धारा 309 (आत्महत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, जांच जारी है.
वहीं मुंबई पुलिस के ‘निर्भया दस्ते’ की ओर से समय पर की गयी कार्रवाई ने 16 वर्षीय एक लड़की की जान बचा ली. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारी के मुताबिक पश्चिमी उपनगर खार स्थित एक धर्मशाला में परिवार के सदस्यों के साथ विवाद के बाद किशोरी ने कथित तौर पर अपनी कलाई काट ली. अधिकारी ने कहा कि यह घटना तीन जून को खार स्थित एक धर्मशाला में हुई, जहां राजस्थान की रहने वाली लड़की का परिवार ठहरा हुआ था.
उन्होंने कहा कि लड़की की अपने परिवार के सदस्यों के साथ किसी बात को लेकर बहस हुई और गुस्से में आकर उसने ब्लेड से अपनी कलाई काट ली. पुलिस अधिकारी ने कहा कि लड़की का खून बहने के बाद उसके परिवार ने खार पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद एक निर्भया दस्ते को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया. उन्होंने कहा कि दस्ते की एक महिला कांस्टेबल घायल लड़की को पुलिस वैन में लेकर अस्पताल ले गई, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है. संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) सत्यनारायण चौधरी ने सोमवार को किशोरी की जान बचाने के प्रयासों के लिए निर्भया दस्ते के अधिकारियों को सम्मानित किया गया.
.
Tags: Maharashtra
FIRST PUBLISHED : June 07, 2023, 14:54 IST








