
हाइलाइट्स
ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक के शेयर पिछले 4 महीनों में ही 119 फीसदी उछले हैं.
9 वर्षों में इस स्टॉक में 10747 फीसदी का उछाल आया है.
हाल ही में कंपनी को अच्छे ऑर्डर मिले हैं.
Multibagger Stocks : इलेक्ट्रिक बस बनाने वाली कंपनी ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक (Olectra Greentech) के शेयरों ने निवेशकों को मालामाल कर दिया है. शार्ट टर्म और लॉन्ग टर्म में इस शेयर ने मल्टीबैगर रिटर्न दिया है. सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक का शेयर एक साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया. हालांकि, मंगलवार को इस शेयर में मुनाफावसूली देखी गई और बीएसई पर यह 2.08 फीसदी गिरकर 775.55 रुपये पर बंद हुआ. इस मल्टीबैगर स्टॉक ने नौ साल में ही एक लाख रुपये का निवेश करने वाले इनवेस्टर को भी करोड़पति बना दिया है.
मनीकंट्रोल की एक रिपोर्ट के अनुसार, ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक के शेयर पिछले चार महीनों में ही 119 फीसदी उछलकर सोमवार को एक साल के हाई पर पहुंच गए थे. कंपनी को इलेक्ट्रिक बस के अच्छे ऑर्डर मिलने के बाद से शेयरों में जबरदस्त खरीदारी देखी गई है. मार्च में कंपनी को तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम से 550 बसों का ऑर्डर मिला था. बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट से भी इसे 3675 करोड़ रुपये की 2100 इलेक्ट्रिक बसों का अब तक का सबसे बड़ा ऑर्डर मिला है. एक महीने पहले कंपनी ने हाइड्रोजन बसों के लिए रिलायंस के साथ साझेदारी का ऐलान किया था.
9 साल में बना दिया करोड़पति
ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक के शेयर 14 मार्च 2014 को 7.15 रुपये में मिल रहे थे और अब यह 10747 फीसदी ऊपर 775.55 रुपये पर है। इसका मतलब हुआ कि ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक ने महज 9 साल में निवेशकों के पैसों को 108 गुना से अधिक बढ़ा दिया और एक लाख रुपये के निवेश को 1.08 करोड़ रुपये की पूंजी बना दिया है. यही नहीं शार्ट टर्म में भी इस मल्टीबैगर स्टॉक ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है. 23 फरवरी 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 374.35 रुपये पर था. अब चार महीने में ही 119 उछल गया है. इस तरह इसने चार महीनों में निवेशकों की पूंजी को दोगुना कर दिया है.
पिछले पांच कारोबारी सत्रों में इस ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक के शेयरों में 7.63 फीसदी की तेजी आ चुकी है. एक महीने में यह शेयर करीब 16 फीसदी चढ़ा है. छह महीने में इस स्टॉक ने 54.86 फीसदी रिटर्न दिया है तो साल 2023 में अब तक यह शेयर करीब पचास फीसदी मुनाफा निवेशकों को दे चुका है. पांच साल में इस शेयर का रिटर्न 384 फीसदी है.
(Disclaimer: यहां बताए गए स्टॉक्स ब्रोकरेज हाउसेज की सलाह पर आधारित हैं. यदि आप इनमें से किसी में भी पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले सर्टिफाइड इनवेस्टमेंट एडवायजर से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह की लाभ या हानि के लिए लिए News18 जिम्मेदार नहीं होगा.)
.
Tags: Business news in hindi, Money Making Tips, Multibagger stock, Stock tips
FIRST PUBLISHED : June 07, 2023, 06:45 IST








