
नरेश पारीक/ चूरू. प्रदेश में इस बार मौसम के अजीबो-गरीब मिजाज देखने को मिल रहा है. चूरू में मंगलवार सुबह से अंचल में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच दोपहर बाद अचानक से आमान में एक रेतीला गुब्बार दिखा और दिन में ही रात हो गयी और आसमान से मिट्टी की बरसात होने लगी. जिसके चलते सड़को पर दृश्यता भी काफी कम रही और सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों के पहिए एक बारगी ठहर गए.
रेत गुबार की जद में आ गया पूरा शहर
कोई कुछ समझ पाता उससे पहले आसमान में दिख रहा विशाल मिट्टी के गुब्बार ने पूरे शहर को अपने आगोश में ले लिया. मौसम में अचानक से हुए इस परिवर्तन के बाद गर्मी से राहत तो मिली. लेकिन, धूल-भरी आंधी ने सड़को पर दौड़ रहे दुपहिया वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा मुसीबत में डाल दिया. वहीं तेज रफ्तार से आयी काली-पीली आंधी के चलते शहर के अधिकांश हिस्सों में बिजली गुल रही तो कही पेड़ और पोल भी धराशाई हो गए. मौसम में हुए इस बदलाव के बाद पिछले दो दिनों से भीषण गर्मी से जूझ रहे शहरवासियों को भी राहत मिली.
50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा
मौसम केंद्र की माने तो पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम एक्टिव हुआ है जिसके चलते आगामी दिनों में मेघ गर्जनाओं के साथ बारिश और धूलभरी आंधी चलने की प्रबल संभावना है. मौसम केंद्र चूरू के प्रभारी रविन्द्र सिहाग ने बताया कि पश्चिमी दिशा से आयी धूल-भरी आंधी की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की दर्ज की गई है. उन्होंने बताया कि सुबह 11:30 बजे यहां तापमान 37 डिग्री दर्ज किया गया और दोपहर 2:30 बजे तापमान 39.8 डिग्री दर्ज किया गया.
.
FIRST PUBLISHED : June 06, 2023, 20:18 IST








