MP के इस जिले के 96 स्कूलों के प्रिंसिपल पर होगी कार्रवाई! 40% से कम आया है बोर्ड एग्जाम का रिजल्ट

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


दुर्गेश सिंह राजपूत/होशंगाबाद. माध्यमिक शिक्षा मंडल यानी माशिमं की बोर्ड परीक्षा के परिणाम में भले ही मध्य प्रदेश के होशंगाबाद जिले से 26 स्टेट टॉपर रहे हों, पर यहां के ज्यादातर स्कूलों का रिजल्ट खास नहीं रहा. स्कूलों की परफॉर्मेंस के मामले में जिले का प्रदर्शन खराब रहा. 12वीं के परीक्षा परिणाम में 35 प्रतिशत की गिरावट आई है.

शिक्षा विभाग ने कम रिजल्ट देने वाले स्कूलों की समीक्षा कर प्राचार्यों (प्रिंसिपल) पर कार्रवाई की तैयारी कर ली है. 40 प्रतिशत से कम रिजल्ट देने वाले 96 स्कूलों के प्राचार्यों को विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है. उनसे रिजल्ट बिगड़ने के संबंध में 15 जून तक जवाब मांगा गया है. इसके बाद विभाग के उच्चाधिकारी कार्रवाई करने को लेकर फैसला लेंगे. ऐसी संभावना है कि नियमित शिक्षकों की वेतन वृद्धि रोकी जा सकती है. अतिथि शिक्षकों की ब्लैक लिस्ट बनाई जा सकती है.

बांद्राभान में 12वीं का रिजल्ट शून्य प्रतिशत

जिले में 12वीं का रिजल्ट पिछले वर्षों की तुलना में 35% गिरा है. इसका मुख्य कारण कोरोना काल में बिना परीक्षा दिए 12वीं में जनरल प्रमोशन से आगे आए बच्चों की कमजोरी बताई जा रही है. वहीं, 10वीं के परिणाम को लेकर कहा जा रहा है कि इससे पहले यह बच्चे बोर्ड परीक्षाओं में शामिल नहीं हुए थे इसलिए रिजल्ट डाउन रहा. नर्मदापुरम से लगेग्राम बांद्राभान में इस बार 12वीं का रिजल्ट जीरो प्रतिशत रहा है. इस सत्र में यहां से 19 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए, लेकिन इनमें से एक भी पास नहीं हुआ.

केसला आदिवासी ब्लॉक में 100 प्रतिशत रिजल्ट

जिले के केसला आदिवासी ब्लॉक में यहां दोनों ही कक्षा के स्कूलों का रिजल्ट शत-प्रतिशत रहा है. केसला के तवा नगर में मॉडल स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल का रिजल्ट 100% रहा है. 12वीं में दोनों स्कूलों में 32-32 बच्चे थे, सभी पास हो गए. 10वीं में शासकीय हायर सेकेंडरी, आईएसआई स्कूल आनंद नगर, नर्मदापुरम, हायर सेकेंडरी स्कूल गोंची-तरौंदा, हायर सेकेंडरी स्कूल झुनकर, हायर सेकेंडरी स्कूल दांडीबाड़ा का रिजल्ट 100 प्रतिशत रहा है.

96 स्कूलों के प्रिंसिपल को नोटिस जारी

डीईओ एसपीएस बिशेन ने बताया है कि जिले में 51 हाई स्कूल और 45 हायर सेकेंडरी स्कूल ऐसे हैं, जहां रिजल्ट 40 प्रतिशत से कम रहा है. इन स्कूलों के पदाधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है. सभी से 15 जून तक जवाब मांगा है. प्राचार्य को निर्देश दिए गए हैं कि वो विषयवार क्लास टीचर्स को कारण बताने का नोटिस जारी कर उनसे जवाब तलब करें.

Tags: Education news, Hoshangabad News, Mp board results

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें