
लखेश्वर यादव/जांजगीर चांपा. स्वामी आत्मानन्द शाउमा विद्यालय जांजगीर के NCC कैडेट्स की ओर से मिशन लाइफ के अंतर्गत प्लास्टिक के बुरे प्रभाव बताने एवं प्लास्टिक मुक्त भारत बनाने के उद्देश्य से बीटीआई चौक, बीडीएम गार्डन और विद्यालय के सामने नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन किया गया. कैडेट्स ने आम लोगों को प्लास्टिक के बहिष्कार का संदेश दिया और प्रेरित किया कि वे अपने रोजमर्रा के काम में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करें. कैडेट्स ने पाॅलिथीन व प्लास्टिक की थैलियों में बाजार से सामान लाने के बजाए कपड़े, जूट, मोटे कागज के थैले साथ में रखने के लिए प्रेरित किया.
कैडेट “प्लास्टिक मुक्त भारत” अभियान के तहत विद्यालय परिसर से टोली के रूप में रवाना होकर बीटीआई चौक पर पहुंचे. कर्नल श्रीवास्तव ने बताया कि जांजगीर के एएनओ और कैडेटों द्वारा सक्रियता से मिशन लाइफ का प्रचार किया जा रहा है. नुक्कड़ नाटक आम लोगों को समझाने का सबसे बेहतर माध्यम होता है. एनसीसी समाजिक सेवा के लिए ही जाना जाता है. इन सबसे लोगों में जागरूकता का प्रचार हो रहा है.
आसपास के लोगों को भी किया जा रहा जागरूक
एनसीसी अधिकारी दिनेश चतुर्वेदी ने बताया कि कैडेट्स द्वारा तेज गर्मी के बावजूद मिशन लाइफ (पर्यावरण के लिए जीवन शैली) के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया जा रहा है. कैडेट्स द्वारा अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है. प्राचार्य चक्रपाल तिवारी ने एनसीसी अधिकारी और कैडेट्स की सराहना करते हुए कहा कि एनसीसी द्वारा पर्यावरण के अनुकूल जीवन शैली अपनाने के लिए आम लोगों को प्रेरित किया जा रहा है. मानव जीवन, पशु, स्वास्थ्य और पर्यावरण पर प्लास्टिक का बुरा प्रभाव पड़ रहा है. जिसे समझना आवश्यक है.
ये लोग रहे उपस्थित
अभियान को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक व्ही अंतरा, एचएम प्राची पांडेय, मुकेश कंवर, नीलम किस्पोट्टा, संगीता माहेश्वरी, मनोज यादव, खुशवंत सिंह, रेणुका गढेवाल, मुकेश यादव, लक्ष्मण जती, वीरेंद्र पटेल, जयकरण, अनिता ने भी अपना योगदान दिया. इस दौरान सेवानिवृत व्याख्याता प्रेमकुमार शाण्डिल्य भी उपस्थित रहे.
.
Tags: Chhattisagrh news, Latest hindi news
FIRST PUBLISHED : June 06, 2023, 10:31 IST








