
नई दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अमेरिका दौर पर अपने बयानों के लिए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर करारा हमला बोला है. नड्डा का कहना है कि राहुल मोहब्बत की दुकान नहीं चला रही बल्कि वो तो नफरत का पूरा शॉपिंग मॉल चलाते हुए नजर आ रहे हैं. दिल्ली में एक बुक लांच के समारोह के दौरान जेपी नड्डा ने यह बात कही. चार दिवसीय अमेरिकी दौरे के दौरान राहुल गांधी ने इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आरएसएस के खिलाफ कई हमले किए थे.
राहुल गांधी का कहना था कि मौजूदा सरकार से अगर किसी चीज को लेकर सवाल किए जाएं तो वो अपनी कमी पर काम करने की जगह पुरानी बातों को लेकर बैठ जाते हैं. गांधी ने महंगाई, बेरोजगारी और ओडिशा ट्रेन हादसे पर भी केंद्र सरकार पर हमला बोला था. ऐसे में अब बीजेपी की तरफ से इन आरोपों पर करारा जवाब दिया गया.
जेपी नड्डा ने कहा, ‘राहुल गांधी हमारे देश की प्रतिष्ठा को कम नहीं कर सकते हैं. उन्होंने हमारी वैक्सीन, सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाए थे. हिन्दू और मुसलमानों को बांटने का काम किया. इन सबके बावजूद वो मोहब्बत की दुकान चलाने का दावा करते हैं. मैं उन्हें यह कहना चाहता हूं कि वो नफरत का मेगा शॉपिंग मॉल चला रहे हैं.’
अमेरिका-चीन से बेहतर भारत की अर्थव्यवस्था
बीजेपी चीफ ने कहा, ‘पूरी दुनिया कोरोना महामारी और अब रूस-यूक्रेन के बीच जंग के कारण अर्थव्यवस्था पर पड़ रहे असर को झेल रही है. यूएस की ग्रोथ रेट 1.4 प्रतिशत और चीन की 5.2 प्रतिशत रहने का अनुमान है. वहीं, भारत की अर्थव्यवस्था 6.1 प्रतिशत रहने का अनुमान है. मॉर्गन स्टेनले जैसी एजेंसियों का यह दावा है कि यह 7.2 को भी छू सकती है. अब मुझे कांग्रेस के इन अनपढ़ लोगों को क्या कहना चाहिए. जिस देश में आप गए हैं वहां 1.4 प्रतिशत और भारत में 7.2 प्रतिशत विकास दर रहने की संभावना है.’
.
Tags: BJP, Congress, Jp nadda, Rahul gandhi
FIRST PUBLISHED : June 05, 2023, 21:34 IST








