
हिमांशु नारंग/करनाल: सोशल मीडिया के इस दौर में सेल्फी के बाद आजकल रील बनाने का क्रेज है. सिर्फ युवा ही नहीं, हर उम्र के लोग इंस्टा रील्स के दिवाने हैं. लेकिन कभी-कभी रील बनाने का क्रेज जान पर भारी पड़ जाता है. कुछ ऐसा ही करनाल में भी हुआ, जहां शराब के नशे में धुत एक युवक ने ओवरस्पीड कार में कुछ महिलाओं पर चढ़ा दी थी. दरअसल यह युवक रील बना रहा था.
कार में फुल साउंड में म्यूजिक लगाकर चलती गाड़ी में युवक सेल्फी ले रहा था और रील बना रहा था. तभी ओवरस्पीड कार की चपेट में दो महिलाएं आ गईं और उनकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के अनुसार, 29 मई की शाम करनाल में भजन गायिका अंजू अपनी दो सहेलियों के साथ सैर पर निकली थी. इस दौरान आरोपी शख्स ने तीनों महिलाओं को कुचल दिया था.
प्रत्यक्षदर्शियों ने उसी दौरान ये कह दिया था की आरोपी शख्स कार में रील बना रहा था. आरोपी हादसे के बाद फरार हो गया था. वहीं दूसरी ओर अंजू और उसकी एक सहेली की अस्पताल पहुंचने तक मौत हो गई थी, जबकि तीसरी महिला हादसे घायल थी. हादसे की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने भी तफ्तीश शुरू की, मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी को सर्च किया. सीसीटीवी फुटेज खंगाले और एक हफ्ते के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
जी रहा था रूटीन लाइफ
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना के दौरान करनाल के नगला मेघा गांव का रहने वाला अमित अरोड़ा कार में अकेला सवार था. आरोपी हादसे के वक्त शराब के नशे में था. जिस वक्त हादसा हुआ, उस दौरान भी आरोपी अपनी सेल्फी ले रहा था और रील बना रहा था. वहीं हादसे के दौरान आरोपी की कार में कुछ खरोंच भी आ गई थी, लेकिन आरोपी ने अब तक कार ठीक नहीं करवाई थी, बल्कि रोज़ाना घर से मेडिकल स्टोर आता-जाता था. लेकिन बहुत दिन तक उसका गुनाह छिप नहीं सका और अब वह सलाख़ों के पीछे है.
.
FIRST PUBLISHED : June 05, 2023, 21:07 IST








