
मुंबई. शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने सोमवार को महाराष्ट्र मंत्रिमंडल के विस्तार में देरी और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे एवं उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ मुलाकात पर हमला बोला. उन्होंने सीएम शिंदे पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले आलाकमान महाराष्ट्र में था, लेकिन अब उनका आलाकमान दिल्ली में है.
राउत ने कहा, “वह बाला साहेब और शिवसेना की बात करते हैं, लेकिन दिल्ली में ‘मुजरा’ करते हैं. असली शिवसेना कभी किसी के आगे नहीं झुकी. एक साल हो गया, लेकिन कैबिनेट विस्तार नहीं हुआ, इससे पता चलता है कि यह सरकार जा रही है.’
दरअसल, शिंदे और फडणवीस ने एक दिन पहले ही रविवार को केंद्रीय मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की. गृह मंत्री शाह से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री शिंदे ने ट्वीट किया, ‘हमने कृषि, सहकारिता विभाग से जुड़े विभिन्न मामलों पर चर्चा की. राज्य में किसान और महिला सशक्तिकरण जैसे विभिन्न क्षेत्रों में काम चल रहा है और कई रुके हुए प्रोजेक्ट पूरे हुए हैं. प्रदेश में विभिन्न परियोजनाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हमेशा मार्गदर्शन मिलता रहा है. हमने केंद्रीय सहकारिता मंत्री शाह से इसलिए मुलाकात की क्योंकि हमें उनसे हमेशा मार्गदर्शन मिलता रहता है.’
.
Tags: Amit shah, Devendra Fadnavis, Eknath Shinde, Sanjay raut, Shiv sena
FIRST PUBLISHED : June 05, 2023, 12:15 IST








