
शाश्वत सिंह/झांसी. झांसी में पहली बार रेहड़ी पटरी पर दुकान वाले लोगों के लिए उत्सव का आयोजन किया गया. मशहूर झांसी किले के पास स्थित दीनदयाल सभागार में स्वनिधि महोत्सव के नाम से इस उत्सव का आयोजन किया गया. प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत जिन लोगों को दुकान चलाने के लिए लोन दिया गया था. उन सभी को यहां अपने अनुभव साझा करने का मौका दिया गया. इस कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने भी हिस्सा लिया. उन्होंने भी अपनी यात्रा के बारे में बताया.
इस कार्यक्रम में जहां एक तरफ रेहड़ी पटरी के लोगों ने अपनी दुकान लगाई और अधिकारियों से अपने अनुभव साझा किए. वहीं, दुसरी ओर यहां युवाओं के लिए रंगोली प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया. कार्यक्रम में लोन से अच्छा काम करने वाले लोगों को प्रमाण पत्र भी दिए गए. रंगोली प्रतियोगिता में निकेता और अलादिन द्वारा बनाई गई रंगोली को प्रथम स्थान दिया गया.
स्थायी दुकान पर किया जा रहा विचार
कार्यक्रम में पहुंची उत्तर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने रेहड़ी पटरी वाले लोगों से बात की और उनसे उनके अनुभव पूछे. उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार की ओर से लगातार गरीबों को बेहतर जीवन देने का प्रयास किया जा रहा है. स्वनिधि योजना ने कई लोगों की जिंदगी बदल दी है. इन लोगों को स्थायी दुकान देने की बात पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में जिलाधिकारी को निर्देश दिए गए हैं. जल्द ही लोगों को दुकान उपल्ब्ध करवाई जाएगी.
.
FIRST PUBLISHED : June 05, 2023, 12:27 IST








