
शाश्वत सिंह/झांसी. यूपी के झांसी समेत पूरा बुंदेलखंड देश और दुनिया में पर्यटन स्थल के रूप में मशहूर है. भारतीय और विदेशी दोनों ही पर्यटक यहां पर बड़ी संख्या में आते हैं. हालांकि अभी तक यहां आने वाले पर्यटकों को एक जगह पर सारी सुविधाएं नहीं मिल पाती थीं. टैक्सी बुकिंग से लेकर होटल बुकिंग और महत्वपूर्ण जगहों पर जाने के लिए अलग-अलग बुकिंग करवानी पड़ती है. इससे पर्यटकों का बहुत समय खराब हो जाता था. अब विभाग ने इस समस्या को हल करने का एक तरीका निकाला है.
पर्यटन विभाग द्वारा बुंदेलखंड ट्रैवल्स एजेंट एसोसिएशन नाम से एक संस्था का गठन किया है. इस संस्था में सभी टूर और ट्रैवल्स कंपनी को एक मंच पर लाया गया है. अब यह सभी कंपनियां पर्यटन विभाग के साथ मिलकर पर्यटकों के लिए विशेष पैकेज तैयार करेंगी. झांसी में जगह-जगह काउंटर बनाए जाएंगे, जहां से पर्यटक सीधे बुकिंग करवा सकते हैं. पर्यटकों को सभी सुविधाएं आसानी से एक ही जगह मिल जाएंगी. इस एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिरुद्ध रावत और सचिव चंदर सोनी को बनाया गया है.
साथ आए सभी ट्रैवल एजेंट
झांसी के क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी कीर्ति ने बताया कि कई बड़े शहरों में आने वाले पर्यटकों को ट्रैवल कंपनी द्वारा पैकेज दिया जाता है. इसके साथ ही अपने शहर के टूरिस्ट पॉइंट को प्रमोट भी किया जाता है, लेकिन झांसी में भी तक ऐसी कोई सुविधा नहीं थी. अब तक कुल आठ ट्रैवल कंपनी साथ में आई हैं और उन्होंने एक साथ मिलकर झांसी के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए काम करना शुरू किया है. यह लोग अन्य जगहों पर भी जाकर झांसी को प्रमोट करेंगे.
.
FIRST PUBLISHED : June 05, 2023, 11:33 IST








