मिलावटखोरों से सावधान! नामचीन दुकानों पर भी संभलकर खाएं फूड, विभाग ने भरे सैंपल

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अभिषेक माथुर/हापुड़. आज के दौर में खाने-पीने की हर चीज शुद्ध हो, यह जरूरी नहीं है. कारोबार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के कारण मिलावट हर जगह देखने को मिलती है. अगर आप यह सोचकर नामचीन दुकानों पर जाते हैं कि यहां हाईजीन फूड मिलेगा और मिलावट नहीं होगी, तो ऐसे में संभलकर जाएं. हापुड़ के खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावट की आशंका पर पिछले दो माह में 82 नमूने लिये गये, जिनमें 35 नमूने जांच में अद्योमानक पाए गए हैं. जिनमें पिज्जा हट की टॉमेटो सॉस भी शामिल है.

खाद्य पदार्थ का कारोबार करने वाले अधिकांश दुकानदार अब सिर्फ अपना मुनाफा देखते हैं. दूसरों की सेहत से उन्हें कोई लेना-देना नहीं होता है. वह इतनी सफाई से मिलावट करते हैं कि असली और नकली में फर्क करना मुश्किल हो जाता है.

कहीं दूध में पानी की मिलावट होती है, तो कहीं मसालों में रंगों की. चाय, चीनी, दाल, अनाज, हल्दी, फल, आटा, घी, तेल आदि ऐसी तमाम तरह की घरेलू उपयोग की वस्तुओं में मिलावट की जा रही है. यानि पूरे पैसे खर्च करके भी शुद्ध खाने का सामान नहीं मिल रहा है. ऐसे में मिलावटी सामान बेचने वाले अपने मकसद में कामयाब न हों, इसके लिए ग्राहक को खुद ही समझदार बनना होगा.

82 में से 35 नमूने हुए फेल, एडीएम कोर्ट ने की बड़ी कार्रवाई
हापुड़ जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग मिलावट खोरी रोकने के लिए बेहद सख्त है. हापुड़ में खाद्य विभाग की टीम समय-समय पर खाद्य पदार्थों के सैंपलों की जांच में जुटी रहती है. एफडीए की टीम ने अप्रैल और मई के महीने में जांच के दौरान 82 सैंपल लिये थे. जिन्हें मिलावट होने की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया.

कई प्रोडक्ट के लिए गए थे सैंपल
जांच में अब रिपोर्ट सामने आई है कि 35 नमूने फेल हुए हैं. जिनमें पिज्जा हट की सॉस का नमूना मिथ्या ब्रांड और अद्योमानक मिला है. साथ ही गालंद स्थित हैंड ऑन टेªड प्राईवेट लिमिटेड वेयरहाउस से गुलाब, फल्हारी, मिक्सचर, मूंगफली पट्टी, सॉस और नमकीन के लिए गए चार नमूने मिथ्याछाप आए हैं. जिस पर एडीएम कोर्ट ने तीन मामलों में 50 हजार रूपये का जुर्माना लगाया है. इसके साथ ही गढ़मुक्तेश्वर निवासी आयुष गोयल के कुट्टू के काटे का नमूना फेल होने पर 30 हजार रूपये, कुचेसर चौपला निवासी दीपक कुमार की दही का नमूना फेल होने पर दस हजार रूपये का जुर्माना एडीएम संदीप कुमार ने लगाया है.

बच्चों और वृद्धों की सेहत को खराब करता है मिलावटी खाद्य पदार्थ
वरिष्ठ फिजीशियन डॉक्टर लवनीश मोहन का कहना है कि मिलावटी खाद्य पदार्थ हमारी सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं. इनसे पेट संबंधी बीमारियां हो सकती हैं. एसिडिटी, ज्वाइंडिस आदि का खतरा रहता है. ऐसे खाद्य पदार्थ लीवर और हृदय को नुकसान पहुंचा सकते हैं. सबसे ज्यादा असर बच्चों और वृद्ध को होने की संभावना रहती है. ब्लड प्रैशर और हृदय रोगी को ज्यादा दिक्कत होती है.

Tags: Hapur News, Up news in hindi

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें