
नई दिल्ली. आगामी लोकसभा चुनाव में बीजेपी को घेरने की रणनीति पर चर्चा के लिए पटना में 12 जून को होने वाली विपक्ष दलों की बैठक टल गई है. सूत्रों की मानें तो कांग्रेस और डीएमके के अनुरोध पर यह बैठक स्थगित की गई है.
राहुल अभी अमेरिका की यात्रा पर हैं. वहीं सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और डीएमके नेता एवं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन भी अपने-अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के चलते 12 जून की बैठक में शरीक होने में कठिनाई महसूस कर रहे थे. ऐसे में खबर है कि अब 23 जून को यह बैठक हो सकती है.
हालांकि सूत्रों ने बताया कि इस बैठक को लेकर विपक्ष के नेताओं से राय ली जा रही है. कहा जा रहा है कि इस बैठक की अगली तारीख को लेकर सभी से सहमति ली जा रही है. इसके बाद ही नई तारीख का ऐलान किए जाएगा. फिलहाल इस बैठक को लेकर तेजस्वी यादव ने अभी कुछ भी कहने से इनकार किया है. तेजस्वी यादव ने 12 जून की बैठक के टलने के सवाल पर कहा है कि इसको लेकर आप लोगों को पूरी जानकारी जल्द दी जाएगी.
विपक्षी दलों को जोड़ने में जुटे नीतीश कुमार
बता दें कि जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) नेता और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 2024 के लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों के बीच एकता कायम करने के उद्देश्य से कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (AAP) और वाम दलों के अलावा कई क्षेत्रीय क्षत्रपों से बातचीत करने की पहल की.
सीएम नीतीश ने हाल में राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार सहित कई दलों के नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें की है. (भाषा इनपुट के साथ)
.
Tags: BJP, Congress, Opposition Parties, Rahul gandhi
FIRST PUBLISHED : June 04, 2023, 23:16 IST








