
अनिरुद्ध शुक्ला/ बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के जिला बाराबंकी में किसान की लापरवाही से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई. दरअसल किसान ने अपनी फसल को बचाने के लिए खेत की तारबंदी में विद्युत करंट छोड़ रखा था. मृतक व्यक्ति किसान के खेत के पास पहुंचा था, इस दौरान वह खेत की तारबंदी में दौड़ रहे विद्युत करंट की चपेट में आ गया. विद्युत करंट की चपेट में आने से व्यक्त की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद मृतक व्यक्ति के परिजनों ने स्थानीय थाने पर किसान के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है.
मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है. वहीं बाराबंकी पुलिस ने घटना के बाद जिले के किसानों से खेत में लगे तारों में विद्युत करंट प्रवाहित ना करने की अपील की है. अधिकारियों ने बताया है कि ऐसे किसानों को चिन्हित किया जाएगा जो अपने खेत में लगे तारों में विद्युत करंट प्रवाहित कर रहे हैं.
झटका मशीन खराब होने से परेशान था किसान
दरअसल पूरा मामला सतरिख थाना क्षेत्र के तमरशेपुर गांव का है. यहां के रहने वाले किसान कमल कुमार वर्मा ने अपने खेत में लगी फसल को जानवरों से बचाने के लिए तारबंदी कर रखी थी. बताया जा रहा है कि किसान कमलेश ने इन तारों में झटका मशीन लगा रखी थी ताकि जानवर खेत में प्रवेश न कर पाए.झटका मशीन खराब होने से जानवरों से परेशान किसान कमलेश ने खेत की तारबंदी में विद्युत करंट प्रवाहित कर दिया. जैदपुर थाना क्षेत्र के मोतीलाल पुरवा गांव के रहने वाले 51 वर्षीय हरिशंकर वर्मा किसी काम से किसान कमलेश वर्मा के तमरशेपुर गांव गए हुए थे. वह कमलेश वर्मा की खेत की ओर पहुंचे ही थे कि इसी दौरान वह कमलेश वर्मा के खेत की तारबंदी में दौड़ रहे विद्युत करंट की चपेट में आ गए. विद्युत करंट की चपेट में आने से हरिशंकर झुलस गए और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
हरिशंकर की मौत से घर में मचा कोहराम
हरिशंकर की मौत की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों ने सतरिख थाने की पुलिस को तहरीर देते हुए किसान कमलेश वर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. मृतक हरिशंकर के परिजनों की तहरीर पर सतरिख पुलिस आरोपी किसान कमलेश के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है.
किसानों को दी गई चेतावनी
वहीं घटना के बाद बाराबंकी पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने जिले के समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वह अपने-अपने थाना क्षेत्रों में खेत में जानवरों की रखवाली के लिए लगाए गए तारों में विद्युत करंट का प्रयोग कर रहे किसानों को जागरुक करते हुए यह सुनिश्चित कर लें कि विद्युत करण का प्रयोग किसी व्यक्ति के द्वारा अपने खेतों में न किया जा रहा हो. यदि जागरूक करने के बाद भी कोई व्यक्ति अपने खेतों में जानवरों से फसल की रखवाली के लिए लगाए गए तारों में विद्युत करंट का प्रयोग करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
.
FIRST PUBLISHED : June 04, 2023, 20:13 IST








