
अनंत कुमार/गुमला: युवाओं के लिए नौकरी का सुनहरा अवसर है. जिला समाज कल्याण विभाग अंतर्गत समेकित बाल संरक्षण योजना, संप्रेक्षण गृह एवं वन स्टॉप सेंटर के 7 पदों के लिए अनुबंध पर बहाली के लिए आवेदन लिया जा रहा है. जिले के इच्छुक युवकों-युवती इसमें आवेदन दे सकते हैं. आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 15 जून 2023 निर्धारित है.
इच्छुक उम्मीदवार ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों में से किसी माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. ऑनलाइन आवेदन के किए उम्मीदवार gumla.nic.in पर जाकर आवेदन भर सकते हैं. ऑफलाइन आवेदन अपनी योग्यता प्रमाण पत्र की छायाप्रति के साथ जिला समाज कल्याण विभाग में जमा कर सकते हैं. जिला समाज कल्याण विभाग का कार्यालय कचहरी परिसर स्थित विकास भवन के प्रथम तल्ला में है.
इन विभाग में इतनी सीटों पर बहाली
समेकित बाल संरक्षण सेवाएं योजना अंतर्गत विधि सह परिवीक्षा अधिकारी के 1 पद, परामर्शदाता के 1 पद, सहायक सह डाटा एंट्री ऑपरेटर के 1 पद, वन स्टॉप सेंटर में केंद्र प्रशासक ( केवल महिला) का सेवा प्रदाता के 1 पद, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग अंतर्गत संप्रेक्षण गृह गुमला के गृहपति के 1 पद , कला और शिल्प सह संगीत अध्यापक के 1 पद एवं शारीरिक अनुदेशक के 1 पद पर संविदा पर बहाली के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं.
वेबसाइट पर विस्तृत जानकारी
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सीता पुष्पा ने कहा कि जिला समाज कल्याण विभाग अंतर्गत 7 विभिन्न पदों पर संविदा पर नियुक्ति हेतु विभाग की ओर से विज्ञापन प्रकाशन कर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. इसकी अंतिम तिथि 15 जून निर्धारित है. इसमें बहाली के सेवा शर्तें, उम्र, योग्यता एवं अन्य चीजों की अधिक जानकारी के लिए gumla.nic.in पर लॉगिन कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
.
FIRST PUBLISHED : June 04, 2023, 20:14 IST








