
रूपेश कुमार भगत/गुमला. गुमला के सदर थाना की पुलिस ने पालकोट स्थित देहाती ढाबा के संचालक सुभाष जायसवाल व उसके सहयोगी सूरज वर्मा को हथियार व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. वहीं, इनके एक साथी हर्ष जायसवाल पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
लोडेड पिस्टल पुलिस ने की बरामद
दरअसल, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि देहाती ढाबा के पास खड़े कुछ हथियार बंद बदमाश अपराध की साजिश कर रहे हैं. जिसके बाद पुलिस ने उस स्थान पर छापेमारी की. पुलिस को देख सभी बदमाश भागने लगे. पुलिस ने खदेड़ कर सुभाष जायसवाल व उसके सहयोगी सूरज वर्मा को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी लेने पर सुभाष के पास से लोडेड रिवॉल्वर व सूरज वर्मा के पास से लोडेड पिस्टल बरामद की गई है. दोनों के पास से 7 राउंड गोली भी मिली है.
3 अपराधी कर रहे थे साजिश
गुमला थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी पालकोट रोड स्थित देहाती ढाबा के पास 3 बदमाश अपराधी की योजना बना रहे हैं. जिसके बाद पुलिस छापेमारी की. दो बदमाश सुभाष जायसवाल व सूरज वर्मा को हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया है. इनके पास से 7 राउंड गोली भी मिली है. पूछताछ में बदमाशों ने बताया वे बिहार के मुंगेर से हथियार लाए हैं. इनका रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है. वहीं, फरार हर्ष की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
.
FIRST PUBLISHED : June 04, 2023, 20:05 IST








