
रवि पायक/ भीलवाड़ा. भीलवाड़ा सहित प्रदेश भर में जहां मौसम परिवर्तन के चलते किसान किसान अपनी फसलों को लेकर परेशान हो रहे है ऐसे में भीलवाड़ा के कृषि विभाग द्वारा भीलवाड़ा के किसानों के लिए एक अच्छी खबर सामने लेकर आया है. जो कि किसानों के लिए काफी लाभदायक साबित होगी. किसानों में बारिश के पानी को सहेजने के प्रति जागरूकता के लिए सरकार ने इस बार फार्म पॉन्ड पर अनुदान राशि को भी बढ़ाया है किसानों के लिए यह खबर काफी राहत भरी है.
कृषि विभाग के कृषि (विस्तार) संयुक्त निर्देशक इंद्रसिंह संचेती ने बताया कि गिरते भूजल स्तर को देखते हुए कृषि विभाग ने लघु सीमांत व एससी-एसटी और सामान्य किसानों को फार्म पॉन्ड पर मिलने वाले अनुदान में 30 हजार रुपए तक की बढ़ोतरी की है. इससे कई किसानों को फायदा मिलेगा. राजस्थान सूक्ष्म सिंचाई मिशन के तहत कृषि विभाग की ओर से किसानों के लिए फार्म पौंड अनुदान राशि बढ़ाने से लागत में काफी कमी आएगी. प्लास्टिक लाइनिंग का एक फार्म पौंड बनाने पर करीब डेढ़ लाख रुपए की लागत आती है. लघु सीमांत व एससीएसटी किसानों को फार्म पौंड पर पहले 1 लाख 5 हजार का अनुदान मिल रहा था. जिसे बढ़ाकर 1 लाख 35 हजार किया गया है. वहीं सामान्य किसानों को 90 हजार के बजाए अब 1 लाख 20 हजार रुपए अनुदान मिलेगा. विभाग ने कच्चे फार्म पौंड बनाने पर भी अनुदान बढाया है सूक्ष्म सिंचाई मिशन के तहत किसानों को अब लागत राशि का 90 प्रतिशत तक अनुदान मिल सकेगा.
वहीं विभाग ने फार्म पॉन्ड के लक्ष्य को भी लगभग दोगुना किया है भीलवाड़ा जिले के लिए फार्म पॉन्ड के लक्ष्य भी बढ़ाए गए हैं. प्लास्टिक लाइन फार्म पॉन्ड के लिए 135 का लक्ष्य निर्धारित किया है वहीं कच्चे फार्म पॉन्ड के लिए 240 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. संयुक्त निर्देशक संचेती ने यह भी कहा कि फार्म पॉन्ड पर अनुदान राशि बढ़ाने से किसानों को काफी राहत मिलेगी. बारिश के पानी को सहेजकर फव्वारा या ड्रिप सिंचाई से किसान ज्यादा फसल की 10 बीघा सिंचाई कर सकेंगे. ऐसे में फार्म पौंड किसानों के लिए वरदान साबित होगा. लागत राशि में से 90 प्रतिशत तक अनुदान मिलने से किसानों का रुझान तेजी से बढ़ेगा और बारिश के पानी को सालभर सहेज सकेंगे. 20 गुणा 20 गुणा 3 मीटर के फार्म पॉन्ड में करीब 12 लाख लीटर पानी को सहेजा जा सकता है.








