
राहुल दवे/इंदौर: बीआरटीएस कॉरिडोर सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर एआईसीटीएसएल द्वारा शुरू की गई साइकिल सुविधा अब शहरवासियों को भा रही है. शहर में करीब 100 स्थानों पर यह साइकिल किराए पर उपलब्ध है और अनेक लोग इस सुविधा का उपयोग कर रहे हैं. न्यूनतम किराए में उपलब्ध इस साइकिल के जरिए वे न केवल अपनी सेहत में सुधार कर रहे हैं, बल्कि पर्यावरण को भी लाभ पहुंचा रहे हैं.
दरअसल, बीआरटीएस के 20 स्थानों पर ‘माई बाइक’ साइकिल स्टैंड बनाए गए हैं. इसके अलावा शहर में अन्य स्थानों पर मिलाकर करीब 100 साइकिल स्टैंड हैं. किसी स्टैंड पर पांच तो कहीं 10 साइकिलें रखी जा रहीं हैं. 500 रुपये किराए में महीने भर के लिए साइकिल किराए पर उपलब्ध हैं. वहीं 15 रुपये में दस घंटे के लिए और 20 रुपये में 24 घंटे के लिए यह साइकिल मिल रही है. इंदौर में 1500 साइकिलें 100 स्टैंडों के माध्यम से संचालित हैं.
बस स्टैंड पर ही साइकिल उपलब्ध
एआईसीटीएसएल की यह साइकिलें आसानी से मिल रही हैं. इसके चलते अनेक लोग इनका उपयोग भी कर रहे हैं. सबसे अधिक बसों से बाहर से आने वाले या फिर सुबह शाम सैर करने वाले यह साइकिलें चला रहे हैं. दरअसल बसों से बाहर से आने वालों को एआईसीटीएसएल के बस स्टैंड पर ही यह साइकिल उपलब्ध हो जाती है, जिससे उन्हें कहीं पर भी आने-जाने में परेशानी नहीं होती. कुछ शौकिया लोग भी हैं, जो यह साइकिल चला रहे हैं.
6 हजार ने कराया रजिस्ट्रेशन
कुछ ही समय में जगह-जगह पर मिलने वाली साइकिलें लोगों को पसंद आने लगी हैं. अब तक करीब छह हजार लोगों ने इनके लिए रेजिस्ट्रेशन कराए हैं. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इन साइकिलों की संख्या और भी बढ़ाई जाएगी.
न चोरी, न टूट-फूट
सबसे खास बात यह है कि जब से यह साइकिल सेवा उपलब्ध कराई गई है, तब से एक भी साइकिल न तो चोरी हुई है और न ही किसी ने इनमें टूट-फूट कर वापस की है. इससे इसका संचालन करने वाली कंपनी को भी राहत है. वहीं आने वाले दिनों में इन साइकिलों की संख्या और भी बढ़ाई जाएगी.
.
FIRST PUBLISHED : June 04, 2023, 15:12 IST








