
निखिल स्वामी/ बीकानेर. बीकानेर के अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय साइकिल धावकों ने बीकानेर शहर से गावों तक करीब 100 किलोमीटर की साइकिल चलाई. अवसर था वर्ल्ड साइकिल डे पर लंबी साइकिल रैली का. जिसमें खिलाड़ियों ने शहर से गावों तक युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का संदेश दिया. राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार स्वीप प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित मैराथन महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के सामने स्थित गुरुदेव साइकिलिंग सेंटर से शुरू हुई. इसमें लगभग 70 साइकिल धावकों में टेचरी फांटा तक रैली निकालकर आमजन से मतदाता सूचियों में नाम जुड़वाने का आह्वान किया.
जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा स्वीप प्रकोष्ठ प्रभारी नित्या के ने इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि 17 प्लस आयु वर्ग का कोई भी युवा प्री-रजिस्ट्रेशन तथा 18 वर्ष से अधिक आयु का कोई व्यक्ति मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित नहीं रहे, इसके मद्देनजर यह अभियान प्रारंभ किया गया है. उन्होंने बताया कि पर्यावरण दिवस, डॉक्टर डे तथा योगा दिवस के अवसर भी मतदाता जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी.
इससे पहले नित्या के. ने साइकिल धावकों का परिचय लिया और इनकी उपलब्धि की सराहना की. एकेडमी प्रभारी किशन कुमार पुरोहित ने संस्था की गतिविधियों के बारे में बताया.








