
नई दिल्ली. सुपरस्टार शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) की फिल्म ओम शांति ओम (Om Shanti Om) साल 2007 में रिलीज हुई थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई की. इस मूवी से दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) ने बॉलीवुड इंडस्ट्री में डेब्यू किया था. दिलचस्प बात ये है कि फिल्म ओम शांति ओम में शाहरुख और दीपिका ने डबल रोल प्ले किया था. वहीं, पाकिस्तानी एक्टर जावेद शेख (Javed Sheikh) भी इस फिल्म का हिस्सा थे. अब जावेद ने सालों बाद खुलासा किया कि वह शाहरुख की फिल्म में काम करने के लिए फीस नहीं लेना चाहते थे.
शाहरुख की फिल्म के लिए नहीं लूंगा फीस
Gloss Etc के साथ इंटरव्यू के दौरान जावेद शेख ने बताया, ‘उनके (शाहरुख खान) मैनेजर आए मेरे पास. कहा कि कॉन्ट्रैक्ट साइन करना है, तो आप फीस कितनी लेंगे? मैंने कहा कि मैं पैसे नहीं लूंगा. उन्होंने पूछा क्यों? मैंने कहा कि मेरे लिए सम्मान की बात है कि मैं शाहरुख खान की सबसे बड़ी फिल्म में उनके पिता का रोल कर रहा हूं. हिंदुस्तान में इतने एक्टर्स हैं कि आप किसी को भी कहेंगे तो वे काम करने के लिए तैयार हो जाएंगे, लेकिन अगर आपने मुझे चुना है, तो ये मेरे लिए ऑनर की बात है.
एक रुपये में काम करने के लिए तैयार हुए जावेद शेख
उन्होंने आगे कहा, ‘मैंने मैनेजर से कहा कि मैं फराह खान और शाहरुख खान की वजह से पैसे नहीं लूंगा. उनके मैनेजर ने कहा कि सर ऐसा तो हो नहीं सकता क्योंकि कंपनी के कुछ रूल्स होते हैं. फिर मैंने कहा कि शाहरुख से बोल देना कि मैं एक रुपया लूंगा. आपको कॉन्ट्रैक्ट में कुछ लिखना है, तो उसमें एक रुपया लिख दो. उन्होंने फिर शाहरुख खान को जाकर ये बात बताई. फिर उनकी तरफ से मुझे जो चेक मिला, उसे देखकर मैं हैरान रह गया था. उन्होंने इतना अमाउंट दिया था, जो शायद मैं उनसे डिमांड भी नहीं करता.’
इन फिल्मों में काम कर चुके हैं जावेद शेख
शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म ओम शांति ओम का डायरेक्शन फराह खान ने किया था. बतौर डायरेक्टर ये उनकी पहली फिल्म थी. इससे पहले जावेद शेख, फराह खान के पति शिरीष कुंदर की फिल्म जानेमन (2006) में काम कर चुके थे. इसके अलावा वह ‘नमस्ते लंदन’, ‘जन्नत’, ‘माय नेम इज़ एंथोनी गोन्साल्विस’, ‘युवराज’ और ‘तमाशा’ जैसी कई बॉलीवुड फिल्मों अपनी एक्टिंग का जलवा दिखा चुके हैं.
.
Tags: Bollywood news, Om shanti om, Shah rukh khan
FIRST PUBLISHED : June 04, 2023, 13:06 IST








