
अश्वनी कुमार/झांसी. उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में पुलिस ने गैंगस्टर राजू यादव की करोडों रुपए की संपत्ति कुर्क कर ली. पुलिस ने यह कार्रवाई रक्सा थाना क्षेत्र के दो गांव में की है. गैंगस्टर राजू यादव की संपत्ति पर पुलिस ने सरकारी मुहर लगाते हुए सभी संपत्तियों पर सरकारी ताला लगा दिया. पुलिस ने गैंगस्टर राजू यादव की कई गाड़ियां, 2 करोड़ से अधिक का मकान इसके अलावा एक और मकान, कई प्लॉट, क्रेशर के साथ-साथ बैंक खातों में जमा नगदी को कुर्क कर दिया है.
दरअसल, गैंगस्टर के आरोपी राजू यादव पर 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. इनमें हत्या का भी एक मामला है. जिस पर राजू यादव जमानत पर बाहर है. ऐसे में कुल मिलाकर गैंगस्टर राजू यादव की सात करोड़ से अधिक की संपत्ति कुर्क करके एक बार फिर से झांसी पुलिस ने अपराध से अर्जित की गई संपत्ति पर सरकारी ताला जड़ने के साथ साथ अपराध पर नकेल कसने का संकेत दिया है.
एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक, जिलाधिकारी के आदेश के बाद आरोपी राजू यादव के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है. राजू यादव ने अपराध करके कई बड़ी संपत्तियां बनाई थीं. इसके अलावा कई वाहन खरीदे थे. इन सभी को कुर्क करते हुए आगे इस मामले में और कार्रवाई न करने की बात कही गई है. फिलहाल पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों में खौफ की स्थिति अब बनती हुई देखी जा रही है.








