
प्रयागराज. प्रयागराज जिले में नशेड़ियों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है. शनिवार देर रात राजापुर के उचवा गढ़ी इलाके में मामूली विवाद में राशिद ने नशे की हालत में अपने दो साथियों के साथ मिलकर ई रिक्शा चालक आदिल अली की हत्या कर दी. राजापुर में गोली मारकर की गई हत्या से सनसनी फैल गई. हत्या की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कैंट थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
मौके पर पहुंचे डीसीपी दीपक भूकर के मुताबिक मृतक ई रिक्शा चालक आदिल के पिता रियासत अली से तहरीर लेकर मुकदमा पंजीकृत अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है. डीसीपी दीपक भूकर के मुताबिक फरार अभियुक्त राशिद और उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए 5 टीमें गठित कर दी गई है और जल्द ही अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
लोगों के मुताबिक ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पेट पालने वाले आदिल अली और उसके पिता रियासत अली देर रात घर वापस आ रहे थे. इस बीच उसके ई-रिक्शा को राशिद और उसके साथियों ने रोक लिया. किसी वजह से राशिद और आदिल में कहासुनी हो गई. जिसके बाद राशिद ने आदिल की गोली मारकर हत्या कर दी. गोली मारने वाला आरोपी राशिद कैंट थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है और पहले भी कई बार जेल जा चुका है. इसका पूरा एक गैंग है और यह नशे के कारोबार से जुड़ा हुआ है. फिलहाल पुलिस इस हत्याकांड को लेकर कार्रवाई में जुटी है.








