
सच्चिदानंद/पटना. बीते शुक्रवार की शाम ओडिशा के बालासोर में शालीमार-चेन्नई कोरोमंडल एक्सप्रेस ट्रेन और बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस (Bangalore Howrah Superfast Express) दुर्घटनाग्रस्त हो गई. एक साथ दो यात्री ट्रेन और एक मालगाड़ी से टक्कर हो गई जिससे 288 यात्रियों की मौत चली गई. जबकि, लगभग एक हजार लोग घायल हुए हैं. इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारवालों को रेलवे के द्वारा 10-10 लाख रुपया मुआवजा देने का ऐलान किया गया है. वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को दो-दो लाख और आंशिक रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी.
इस दर्दनाक हादसे के बीच एक काम जिसे अक्सर लोग नजरअंदाज कर देते हैं वो यह कि थोड़े से पैसे बचाने के लिए टिकट रिजर्वेशन करते समय इंश्योरेंस वाले विल्कप पर क्लिक करना भूल जाते हैं. बता दें कि, मात्र 35 पैसे अतिरिक्त खर्च कर यात्री इंश्योरेंस ले सकते हैं, जिससे रेल हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 10 लाख रुपये तक का मुआवजा मिलता है.
क्या है 35 पैसे वाला इंश्योरेंस
आपके शहर से (पटना)
ऑनलाइन ट्रेन टिकट या रिजर्वेशन बुक करते समय एक विकल्प आता है, जो यात्रा के समय यात्री का इंश्योरेंस लेने को कहता है. ज्यादातर लोग उस ऑप्शन पर क्लिक किए बिना आगे बढ़ जाते हैं. अगर बीमा ऑप्शन को चुनते हैं तो आप इस इंश्योरेंस को पाने के हकदार बन पाते हैं. बीमा विकल्प का चयन करने पर आपके ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर पर एक लिंक भेजा जाता है. यह लिंक बीमा कंपनी का होता है जिसको ओपन कर यात्री को नॉमिनी डिटेल भरना होता है.
यदि दुर्भाग्यवश ट्रेन दुर्घटना का शिकार हो जाती है, और यात्री की मौत हो जाती है या वो स्थायी रूप से विकलांग हो जाता है, तो उसे या उसके परिवार को 10 लाख रुपये तक की बीमा राशि दी जाती है. अगर यात्री आंशिक रूप से विकलांग हो जाता है तो उसे 7.5 लाख रुपये का मुआवजा मिलता है. वहीं, गंभीर रूप से घायल होने पर यात्री को दो लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि दी जाती है. जबकि, ट्रेन एक्सीडेंट में मामूली रूप से घायल होने पर यात्री तो 10 हजार रुपये तक का मुआवजा मिलता है.
ऐसे कर सकते हैं बीमा क्लेम
रेल हादसे के बाद अगर आप इस बीमा को क्लेम करना चाहते हैं, तो आपको टिकट बुकिंग के चार महीने के अंदर टिकट के साथ जिस बीमा कंपनी का इंश्योरेंस मिला है, उस कंपनी के ऑफिस में जाकर बीमा के लिए क्लेम फाइल कर सकते हैं. ध्यान रहे कि टिकट बुकिंग करते समय अगर आप 35 पैसे वाले बीमा को चुनते हैं तो नॉमिनी का नाम डालना ना भूलें. ध्यान रखने वाली बात है कि उस व्यक्ति का नाम नॉमिनी में डालें, जो आपके साथ सफर नहीं कर रहा हो.
.
Tags: Bihar News in hindi, Insurance, Odisha Train Accident, PATNA NEWS, Train accident
FIRST PUBLISHED : June 04, 2023, 11:10 IST








