
नई दिल्ली. टीम इंडिया के बड़े ऑलराउंडर्स में से एक हार्दिक पंड्या लंबे समय से टेस्ट क्रिकेट से दूर हैं. उन्होंने अपना अंतिम टेस्ट सितंबर 2018 में खेला था. यानी लगभग 5 साल पहले. टीम इंडिया अभी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की तैयारी में जुटी हुई है. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खिताबी मुकाबला 7 जून से इंग्लैंड में खेला जाना है. इससे पहले साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज ऑलराउंउर लांस क्लूजनर ने पंड्या को लेकर बड़ा इशारा किया है. उन्होंने कहा कि हार्दिक ने बहुत जल्दी टेस्ट क्रिकेट को छोड़ दिया. मालूम हो कि हार्दिक पंड्या ने डब्ल्यूटीसी फाइनल से पहले कहा था कि मैंने टेस्ट टीम में जगह बनाने के लिए 10 प्रतिशत भी मेहनत नहीं की है.
लांस क्लूजनर ने कोलकाता में एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि हार्दिक पंड्या शानदार क्रिकेटर हैं. अगर वे फिट रहते हैं और लगातार 135 किमी प्रति घंटे से अधिक रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं, तो वे दुनिया के बेस्ट ऑलराउंडर बन सकते हैं. मालूम हो कि त्रिपुरा क्रिकेट एसोसिएशन ने क्लूजनर को कोचिंग टीम में जगह दी है. क्लूजनर ने कहा टेस्ट क्रिकेट हमेशा से खिलाड़ियों को परखता रहा है और बतौर खिलाड़ी इससे खिलाड़ियों के प्रदर्शन के बारे में पता भी चलता है.
स्पिनर भारत की ताकत
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल को लेकर लांस क्लूजनर ने कहा कि स्पिन गेंदबाजी हमेशा से टेस्ट में भारतीय टीम की मजबूती रही है. ऐसे में वह फाइनल में भी इसी प्लेइंग-11 के साथ उतर सकता है. यानी पूर्व दिग्गज के बयान से साफ है कि रोहित शर्मा को टीम में आर अश्विन और रवींद्र जडेजा दोनों को मौका देना चाहिए. हालांकि 2021 में चैंपियनशिप के पहले सीजन के फाइनल में इंग्लैंड में ही दोनों स्पिनर्स कुछ खास प्रभाव नहीं छोड़ सके थे.
29 साल के हार्दिक पंड्या के टेस्ट करियर की बात करें, ताे उन्होंने अब तक सिर्फ 11 ही टेस्ट खेला है. इस दौरान उन्होंने 31 की औसत से 532 रन बनाए हैं. एक शतक और 4 अर्धशतक जड़ा है. इसके अलावा 17 विकेट भी लिए हैं. 28 रन देकर 5 विकेट बेस्ट प्रदर्शन रहा है.
.
Tags: Hardik Pandya, Team india, WTC Final
FIRST PUBLISHED : June 04, 2023, 10:29 IST








