
वॉशिंगटन/बीजिंग. अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने शनिवार को ओडिशा में ट्रेन दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया और कहा कि 280 से अधिक लोगों के मारे जाने की दुखद खबर से वह बेहद दुखी हैं. ओडिशा के बालासोर जिले में तीन ट्रेनों के बीच हुई दुर्घटना लगभग तीन दशकों में भारत की सबसे भीषण रेल दुर्घटनाओं में से एक है. इस हादस में कम से कम 288 लोग मारे गए हैं और 1,100 से अधिक घायल हुए हैं.
बाइडेन ने अपने एक बयान में कहा, ‘जिल बाइडेन (फर्स्ट लेडी) और मैं भारत में घातक ट्रेन दुर्घटना की दुखद खबर से अत्यंत दुखी हूं. उन लोगों के लिए हमारी प्रार्थनाएं हैं जिन्होंने इस भयानक घटना में अपने प्रियजनों को खोया है और कई लोग घायल हुए हैं.’
बाइडेन ने कहा, ‘संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत परिवार और संस्कृति के संबंधों में निहित गहरे बंधन साझा करते हैं एवं यही हमारे दोनों देशों को आपस में जोड़ते हैं. दुख की इस घड़ी में पूरा अमेरिका भारत के लोगों के साथ खड़ा है और शोक में डूबा है. जैसा कि राहत-कार्य जारी है, हमारी संवेदनाएं हादसे में जान गंवाने वाले भारतीयों के साथ हैं.’
गौरतलब है कि बालासोर जिले में शुक्रवार की शाम लगभग सात बजे शालीमार-चेन्नई सेंट्रल कोरोमंडल एक्सप्रेस और बेंगलुरु-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन के पटरी से उतरने और एक मालगाड़ी से टकराने से यह हादसा हुआ. दोनों यात्री ट्रेन में करीब 2500 यात्री सवार थे. दुर्घटना में 21 डिब्बे पटरी से उतर गए और गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे सैकड़ों यात्री फंस गए. दोनों यात्री रेलगाड़ियां तीव्र गति से चल रही थीं और विशेषज्ञों ने इसे हताहतों की अधिक संख्या के मुख्य कारणों में से एक बताया है.
रेल हादसे के बाद करीब 90 ट्रेन को रद्द किया गया है, जबकि 46 ट्रेन के मार्ग में परिवर्तन किया गया. हादसे के कारण प्रभावित ज्यादातर ट्रेन दक्षिण और दक्षिण-पूर्व रेलवे जोन की हैं. एक अधिकारी ने शनिवार अपराह्न तक उपलब्ध रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि हादसे में 288 यात्रियों की मौत हुई है. वहीं, 56 घायलों की हालत गंभीर है.
.
Tags: Joe Biden, Odisha Train Accident, Xi jinping
FIRST PUBLISHED : June 04, 2023, 08:02 IST








