Odisha Rail Accident: बालासोर रेल हादसे के घायलों पर आई एक और मुसीबत, अस्पताल ले जा रही बस हुई दुर्घटनाग्रस्त

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


मेदिनीपुर. ओडिशा के बालासोर में हुए भीषण रेल हादसे से जुड़ी एक और दुखद खबर आ रही हैं. इस रेल हादसे में घायल हुए यात्रियों को ले जा रही एक बस शनिवार को पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर में दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस बस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर तो नहीं है, लेकिन इसकी वजह से नेशनल हाईवे पर जाम लग गया.

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बालासोर में हुए रेल हादसे में मामूली रूप से घायल हुए यात्रियों को इलाज के लिए बंगाल के विभिन्न जिलों में भेजा जा रहा है. इस बीच रास्ते में मेदिनीपुर के पास इस बस की एक पिकअप वैन के साथ आमने-सामने की टक्कर हो गई. इस टक्कर के कारण बस में सवार कई लोगों के मामूली रूप से घायल होने की आशंका है.

रेल हादसे में 288 यात्रियों की मौत, 800 से ज्यादा घायल
बता दें कि बालासोर जिले में शुक्रवार शाम कोरोमंडल एक्सप्रेस ट्रेन वहां खड़ी एक मालगाड़ी से टकरा गई. इस कारण ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए, जिन्हें पीछे से आ रही बेंगलुरु-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन ने टक्कर मार दी. देश के इतिहास में हुए सबसे भीषण हादसों में से शामिल इस रेल हादसे में मृतकों की संख्या शनिवार को बढ़कर 288 हो गई. इस दुर्घटना में 800 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से 56 यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि 747 लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं.

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया. पीएम मोदी ने इस दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से दो-दो लाख रुपये और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की अतिरिक्त अनुग्रह राशि की घोषणा की.

ममता बनर्जी ने भी किया मदद का ऐलान
उधर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी शनिवार को रेल हादसे वाली जगह पहुंची थीं. उन्होंने हादसे में मारे गए पश्चिम बंगाल के यात्रियों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है. इसके साथ ही उन्होंने रेलवे और ओडिशा सरकार को भी पूरी मदद मुहैया कराने की पेशकश की. उन्होंने कहा, ‘हमने 70 एंबुलेंस, 40 चिकित्सक और नर्स घायलों की मदद के लिए पहले ही भेज दिए हैं.’

वहीं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मृतकों के परिजनों के लिए 10-10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों के लिए दो-दो लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है. ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राज्य में हुए भीषण ट्रेन हादसे के मद्देनजर शनिवार को एक दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया है. (भाषा इनपुट के साथ)

Tags: Odisha Train Accident, Train accident, West bengal news

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें