साहब! मैं जिंदा हूं… पेंशन बंद हुई तो डीएम के यहां गुहार लगाने पहुंची वृद्धा

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


अभिषेक माथुर/हापुड़. कागज फिल्म के जैसा एक मामला यूपी के हापुड़ से सामने आया है. यहां एक महिला को मृत घोषित कर दिया गया है. अब महिला अपने आप को कागजों में जिंदा करवाने की कोशिश में जुटी हुई है. हापुड ग्राम पंचायत सचिव ने अल्लीपुर गांव में रहने वाली एक वृद्धा की मृत दर्शाकर पेंशन बंद कर दी. वृद्धा जिलाधिकारी के दरबार पर पहुंची और ग्राम पंचायत सचिव की शिकायत जिलाधिकारी से की.

अल्लीपुर गांव की रहने वाली बुजुर्ग महिला संता को प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही वृद्धा पेंशन योजना के तहत हर माह पेंशन मिल रही थी. लेकिन अगस्त महीने से महिला की पेंशन अचानक आना बंद हो गई. वृद्धा संता ने जब ग्राम पंचायत कार्यालय में जाकर सचिव से मुलाकात की और अपनी पेंशन के बंद होने का कारण पूछा तो सचिव मंजीत सिंह ने बताया कि उनके द्वारा जांच कराई गई थी.

इसमें गांव के ग्रामीणों द्वारा बताया गया है कि वृद्धा संता अब इस दुनियां में नहीं है. लापरवाही की हद तो तब हो गई, जब रिपोर्ट पर सचिव ने बिना सत्यापन के ही अपनी रिपोर्ट लगा दी और पोर्टल पर बुजुर्ग महिला को मृत दर्शाकर पेंशन बंद करने के लिए रिपोर्ट अपलोड कर दी.

कार्यालय में कई बार दिए जिंदा होने के सबूत
वृद्धा संता ने अपने बेटे सूरज सिंह के साथ ग्राम पंचायत सचिव में जाकर कई बार अपने जीवित होने के सबूत दिये. ग्राम पंचायत सचिव से गुहार लगाई कि वह जिंदा है उसकी पेंशन शुरू करा दी जाए, लेकिन वृद्ध महिला की कोई सुनवाई नहीं हुई.

पेंशन बंद होने से नहीं चल पा रहा खर्चा
पेंशन बंद होने के कारण वृद्धा को अपना खर्चा चलाने के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. थक-हार कर वह अपने बेटे के साथ जिलाधिकारी प्रेरणा शर्मा से मिलने के लिए कलक्ट्रेट कार्यालय पहुंची, जहां वृद्धा ने डीएम से शिकायत की कि वह जिंदा है, लेकिन ग्राम पंचायत सचिव ने उसकी पेंशन मृत दर्शाकर बंद कर दी है.

भूलवश हुई त्रुटि.. जल्द मिलेगी पेंशन
वहीं, इस पूरे मामले पर ग्राम सचिव मंजीत सिंह का कहना है कि जांच के दौरान ग्रामीणों द्वारा वृद्धा संता के पति की मृत्यु होने की जानकारी मिली थी, लेकिन भूलवश त्रुटि हुई है, जिसकी वजह वृद्धा की पेंशन रूक गई. अब इस रिपोर्ट को सही कर दिया गया है और जल्द ही वृद्धा को पेंशन मिलनी शुरू हो जाएगी.

Tags: Hapur News, UP news

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें