
विशाल कुमार / छपरा. सारण के बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है. जिला नियोजनालय परिसर में 6 जून को रोजगार मेला का आयोजन होने जा रहा है. इस रोजगार मेला में श्रीराम इंटरप्राइजेज की ओर से विभिन्न पदों के लिए युवाओं का चयन किया जाएगा. इस एक दिवसीय रोजगार सह व्यवसायिक मार्गदर्शन मेला में युवा सुबह 10.30 बजे से शाम 4 बजे तक हिस्सा ले सकते हैं. जिला नियोजन पदाधिकारी शोभा कुमारी ने बताया कि दसवीं से लेकर ग्रेजुएट तक के बेरोजगार युवा इसमें हिस्सा ले सकते हैं. युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार जॉब के साथ सैलरी दी जाएगी.
चयनित युवाओं को 25 हजार तक दी जाएगी सैलरी
शोभा कुमारी ने बताया कि श्री राम इंटरप्राइजेज द्वारा विभिन्न पदों पर युवाओं का चयन किया जाएगा. जिसमें एचआर एक्सक्यूटिव पद के लिए योग्यता ग्रेजुएट है. इसी तरह टेलीमार्केटिंग के लिए ग्रेजुएट पास, एबीएम के लिए 12वीं, टीएसई के लिए 12वीं, डाटा एनालिस्ट के लिए 10वीं और 12वीं पास होना अनिवार्य है. इसी तरह काउंसलर कम्प्यूटर के लिए 12वीं या एडीसीए होना अनिवार्य है. ऑफिस एक्सक्यूटिव, टेलीकॉलर, टेक्निकल सपोर्ट एक्सक्यूटिव पद के लिए 12 वीं पास, आईटीआई पास योग्यता रखी गई है. युवाओं का उम्र 18 से 40 वर्ष तक होना चाहिए. वहीं सेलरी 6 हजार से लेकर 25 हजार तक दी जाएगी. बिहार के किसी भी हिस्से में जॉब के लिए भेजा जा सकता है.
जॉब के लिए यहां कराना होगा रजिस्ट्रेशन
शोभा कुमारी ने बताया कि इस एक दिवसीय रोजगार-सह-व्यवसायिक मार्गदर्शन शिविर में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों कों इस बात पर ध्यान देना होगा, कि उनका पंजीकरण जिला नियोजनालय में होना चाहिए. पंजीकरण की प्रक्रिया ऑनलाइन भारत सरकार के पोर्टल www.ncs.gov.in के माध्यम से होती है. कोई भी अभ्यर्थी घर बैठे अपना पंजीकरण इस पोर्टल के माध्यम से कर सकता है. साथ ही जिला नियोजनालय कार्यालय में भी ऑनलाइन पंजीकरण के लिए संपर्क किया जा सकता है. किसी कारण पंजीकरण नहीं हुआ है तो रोजगार शिविर में भी ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था की जाएगी. इस शिविर में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को कोविड-19 से बचाव कों लेकर सरकारी दिशा निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा.
.
Tags: Bihar News, Chapra news, Employment opportunity, Job
FIRST PUBLISHED : June 03, 2023, 15:18 IST








