Odisha Train Accident: ओडिशा ट्रेन हादसे पर दुनिया भर के नेताओं ने जताया शोक, कईयों ने मदद की पेशकश की

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हाइलाइट्स

ओडिशा ट्रेन हादसे पर दुनिया के नेताओं ने संवेदना व्यक्त की है.
शुक्रवार शाम को ओडिशा के बालासोर में ट्रेनों की आपस में टक्कर हो गई.
इस हादसे में अब तक 288 लोगों की मौत हो गई.

नई दिल्ली. शनिवार को ओडिशा ट्रेन दुर्घटना (Odisha Train Accident) में मारे गए लोगों के लिए दुनिया भर से संवेदनाएं उमड़ पड़ीं. ताइवान की राष्ट्रपति साई इंग वेन, कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो, यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल, ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग और भारत में अमेरिकी दूत एरिक गार्सेटी ने ट्रेन दुर्घटना से प्रभावित लोगों के लिए अपनी संवेदना व्यक्त की.

ताइवान की राष्ट्रपति साई इंग वेन ने एक ट्वीट में कहा ‘भारत में ट्रेन दुर्घटना से प्रभावित सभी लोगों के लिए प्रार्थना करती हूं. मैं पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और आशा करती हूं कि बचाव अभियान उन सभी जरूरतमंदों को बचा सकता है.’

पढ़ें- Coromandel Express Accident LIVE News: बालासोर ट्रेन हादसे पर PM मोदी ने बुलाई बैठक, रेलवे ने उच्च स्तरीय जांच शुरू की

वहीं यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल ने कहा कि ‘ओडिशा में हुई त्रासदी पर भारत के लोगों और प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति मेरी गहरी संवेदना है. हम आपके दर्द को साझा करते हैं और सभी पीड़ितों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं. ईयू किसी भी तरह से सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है.’

कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो ने कहा कि ट्रेन हादसे की तस्वीरों ने उन्हें गहरा आघात पहुंचाया है. ट्रूडो ने एक ट्वीट में कहा ‘ओडिशा, भारत में ट्रेन दुर्घटना की तस्वीरें और रिपोर्ट ने मुझे गहरा आघात पहुंचाया है. मैं अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति अपनी गहरी संवेदना भेज रहा हूं, और मैं घायलों के लिए प्रार्थना कर रहा हूं. इस मुश्किल घड़ी में कनाडा के लोग भारत के लोगों के साथ खड़े हैं.’

यह भी पढ़ें- PHOTOS: ओडिशा बालासोर ट्रेन दुर्घटना के बाद चारों तरफ चीख-पुकार, देखें दर्दनाक हादसे की खौफनाक तस्वीरें

ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग ने कहा ‘हम भारत के पूर्वी ओडिशा राज्य में विनाशकारी ट्रेन दुर्घटना के बाद अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं. हमारी संवेदनाएं घायलों और उनकी सहायता के लिए काम कर रहे आपात कर्मियों के साथ भी हैं.’ वहीं भारत में अमेरिकी दूत, एरिक गार्सेटी ने एक ट्वीट में कहा ‘भारत में अमेरिकी मिशन की ओर से, मैं बालासोर में दुखद ट्रेन दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. दुख की इस घड़ी में हम भारत और ओडिशा के लोगों के साथ खड़े हैं.’

भारत में रूसी राजदूत डेनिस अलीपोव ने भी अपनी संवेदना व्यक्त की. अलीपोव ने एक ट्वीट में कहा ‘ओडिशा के दुखद ट्रेन हादसे के पीड़ितों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना. घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं.’ बता दें कि शुक्रवार को ओडिशा के बालासोर में बेंगलुरु-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस, शालीमार-चेन्नई सेंट्रल कोरोमंडल एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी की टक्कर में अब तक 288 लोगों की मौत हो गई. और लगभग 1000 लोगों घायल हो गए हैं. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने घटनास्थल का दौरा किया है. बचाव अभियान जारी है और अधिकारी दुर्घटना में मारे गए लोगों की पहचान करने और फंसे लोगों को बचाने की कोशिश में लगे हुए हैं.

Tags: Odisha, Train accident

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें