
रहमान/बस्ती. उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में दस साल की लड़की को अगवा कर उसके साथ सामूहिक बलात्कार (गैंगरेप) का मामला सामने आया है. घटना पैकवलिया थाना क्षेत्र की है. गैंगरेप का आरोप गांव के ही तीन नाबालिग लड़कों, जिनकी उम्र 13 से 14 साल है, पर लगा है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़िता को बांस के जंगल में छोड़ कर फरार हो गए. सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक (एसपी) गोपाल चौधरी समेत भारी संख्या में पुलिस बल ने मौके पर पहुंच कर वहां का मुआयना किया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को पकड़ लिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक, गुरूवार की रात गांव में एक शादी समारोह था. पीड़ित 10 वर्षीय लड़की भी उसमें शामिल होने के लिए गई थी. देर रात जब वो शादी समारोह से घर वापस जा रही थी तो रास्ते में तीन लड़कों ने उसे पकड़ लिया और जबरन पास में बांस की झाड़ में ले जाकर उसके साथ गलत काम किया. गैंगरेप के बाद पीड़िता बेहोश हो गई तो तीनों आरोपी उसे छोड़ कर फरार हो गए. उधर, लड़की जब देर रात तक घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी. परिजनों को पीड़िता झाड़ के पीछे बेहोशी की हालत में मिली. इसके बाद, उन्होंने पुलिस को सूचना दी.
पुलिस ने पीड़िता को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया है. बच्ची को जब होश आया तो उसने अपने साथ हुई घटना के बारे में जानकारी दी. गांव के जिन तीन लड़कों ने उसके साथ गैंगरेप किया था, उसने उनका नाम बताया. आरोपियों की पहचान होने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है.
एसपी गोपाल चौधरी ने बताया कि गैंगरेप के तीनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया गया है. तीनों आरोपी नाबालिग हैं. उनके विरुद्ध पॉक्सो एक्ट में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. जिस जगह पर यह वारदात हुई है, मैंने वहां का निरीक्षण किया है. पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.
.
Tags: Basti news, Crime news of up, Gang Rape, Minor girl rape, Up news in hindi
FIRST PUBLISHED : June 03, 2023, 08:29 IST








