नई दिल्ली. महिला सम्मान बचत योजना 2023 (Mahila Samman Savings Certificate Scheme 2023) के तहत महिलाएं देश के डाकघरों (Post Offices) में करोड़ों रुपये निवेश कर चुकी हैं. खासतौर पर यूपी, बिहार, एमपी, हरियाणा सहित देश के तमाम राज्यों के ग्रामीण और शहरी डाकघरों में महिलाएं इस योजना में खूब पैसा लगा रही हैं. बता दें कि इस योजना के तहत बैंक के साथ-साथ डाकघरों की एफडी पर भी 7.50 प्रतिशत चक्रवृद्धि ब्याज मिलेगा. इस योजना की शुरुआत बीते 1 अप्रैल से पूरे देश में हो चुकी है. इस स्कीम की घोषणा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (FM Nirmala Sitharaman) ने अपने बजट भाषण में की थी. मोदी सरकार की यह एक डिपॉजिट स्कीम है, जिसमें निवेश करने पर ज्यादा ब्याद मिलेगा. यह योजना सिर्फ महिलाओं के लिए है.
बीते डेढ़ महीने में ही इस योजना में निवेश की रफ्तार में तेजी आई है. यह योजना तब चर्चा में आई थी, जब केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने संसद मार्ग स्थित पोस्ट ऑफिस में लाइन में लगकर अपना अकाउंट इस योजना के लिए खुलवाया. इसके बाद से ही इस योजना की चर्चा ज्यादा होने लगी. स्मृति ईरानी ने ट्वीट करके भी युवा लड़कियों को इस स्कीम का फायदा उठाने के लिए कहा था. अगर दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो सिर्फ गाजियाबाद में ही तकरीबन एक हजार महिलाओं ने 60 लाख के करीब निवेश कर दिया है. इस योजना के अंतगर्त एक नाम से अधिकतम दो लाख रुपये तक राशि जमा कर सकते हैं. इस योजना में निवेश की राशि पर 7.50 प्रतिशत चक्रवृद्धि ब्याज मिलेगा. बीच में यदि सरकार ब्याज दर बदलती है तो पहले से खुले खाते पर इसका प्रभाव नहीं पड़ेगा.
MSSC स्कीम में 7.5 फीसदी का ब्याज मिलता है. twitter
महिलाओं को निवेश से मिलेगा ये लाभ
इस योजना में आप छह माह से पहले खाते से पैसा नहीं निकाल सकते हैं. यदि किसी कारण खाते को छह माह के बंद करने की नौबत आ जाए तो जितनी भी धनराशि जमा है उस पर 5.50 प्रतिशत की ब्याज के साथ पूरी धनराशि डाकघर वापस करेगी. इस योजना में खाता खोलने के एक साल बाद खाते में जमा राशि में से 40 प्रतिशत तक राशि आप निकाल भी सकते हैं. दो साल के बाद निवेशक को महिला को जमा राशि का ब्याज सहित भुगतान का प्रावधान है. कोई नाबालिग लड़की की ओर से अभिभावक के रुप में व्यक्तिगत खाता भी खोला जा सकता है. इस योजना में न्यूनतम जमा राशि 1000 रुपया है.
ये भी पढ़ें: यूपी के इन शहरों में आवास विकास के फ्लैट्स पर बंपर छूट, गाजियाबाद में ऐसे खरीदें अपना आशियाना
इस योजना में खाता खुलवाने के लिए खाताधारक को आधार कार्ड और पेन कार्ड की फोटो कॉपी के साथ पासपोर्ट साइज की फोटो की जरूरत होती है. इस योजना को मोदी सरकार ने फिक्स्ड डिपोजिट स्कीम की तरह शुरू किया है. कोई भी महिला इस स्कीम का लाभ उठाना चाहती हैं तो वह 31 मार्च 2025 तक इस योजना में निवेश कर सकती हैं. इसके लिए खाता बैंक या डाकघरों में भी खुलवा सकती हैं. इस स्कीम की मैच्योरिटी अप्रैल 2025 में होगी.
.
Tags: Bank FD, Indian women, Modi government, Post Office, Scheme
FIRST PUBLISHED : June 02, 2023, 18:52 IST








