
मोहित शर्मा/ करौली. माध्यमिक शिक्षा राजस्थान बोर्ड दसवीं के परिणाम में करौली के बेटे लक्ष्य चतुर्वेदी ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान पाकर पूरे प्रदेश में करौली जिले का नाम रोशन कर दिया है. जिसके चलते लक्ष्य के गांव झंडू के पुरा हिंडौन सिटी से लेकर पूरे करौली जिले में खुशी की लहर दौड़ चुकी है. गांव झंडू पूरा कांचरोली के निवासी छात्र लक्ष्य चतुर्वेदी ने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के दसवीं कक्षा के कुल 600 अंकों में से 597 अंक हासिल किए हैं और 99.50%परसेंट हासिल कर पूरा प्रदेश टॉप किया है.
जानिए कौन है लक्ष्य चतुर्वेदी
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड दसवीं के 2022 – 23 के परिणाम में राजस्थान को टॉप करने वाले लक्ष्य चतुर्वेदी हिंडौन सिटी के झंडू पुरा कांचरोली गांव के निवासी हैं. लक्ष्य ने अपनी दसवीं कक्षा की पढ़ाई गांव कांचरोली के इंग्लिश मीडियम स्कूल सेंट फ्रांसिस सेकेंडरी स्कूल से प्राप्त की थी.पूरे प्रदेश में 600 में से 597 नंबर लाने वाले लक्ष्य चतुर्वेदी के पिता पवन चतुर्वेदी सौरभ नर्सिंग कॉलेज के प्रिंसिपल पद पर कार्यरत हैं और उनकी मां एक सरकारी व्याख्याता है.
आईएएस बनने का है सपना :
लक्ष्य के पिता पवन चतुर्वेदी ने बताया कि उनके परिवार में पहली बार उनके बेटे ने 99. 50 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं. जिससे उनके पूरे परिवार में खुशी का माहौल छाया हुआ है. उन्होंने बताया कि फिलहाल लक्ष्य एलेन कैरियर इंस्टिट्यूट कोटा से आईआईटी की तैयारी कर रहे हैं और आगे उनका आईएएस बनने का सपना है.








