
सुनील रजक/शिवपुरी. पल-पल रंग बदल रहे मौसम ने इस बार नौतपा को NOतपा बना दिया है. एमपी में लगभग हर जिले में नौतपा जैसी गर्मी नहीं पड़ रही है. शिवपुरी में सुबह जहां धूप खिली तो दोपहर में झमाझम बारिश हो गई, जिससे शाम को मौसम सुहावना हो गया. अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
सुबह 9 बजे तक मौसम साफ था, इसी बीच एकाएक आसमान पर बादलों ने डेरा डाल दिया और सुबह 11.45 बजे झमाझम बारिश शुरू हो गई. लगभग 20 मिनिट तक बारिश होने के बाद वातावरण में ठंडक घुल गई. बारिश रुकने के बाद दोपहर 1 बजे आसमान पर घने बादल छाए होने की वजह से भरी दोपहरी में शाम जैसा नजारा हो गया. उसके बाद तो बादलों की ओट में से सूर्य देवता की लुकाछिपी चलती रही, जिसके चलते धूप-छांव के बीच पूरा दिन गुजरा. बारिश हो जाने की वजह से दिन भर चलने वाली हवाओं में ठंडक घुली रही, जिसके चलते बाजार में पूरे दिन लोगों की अच्छी खासी आवाजाही लगी रही.
इस बार ठंडे रहे नौतपा के शुरुआती सात दिन
25 मई से नौतपा की शुरुआत हुई थी, लेकिन पहले ही दिन तापमान में 4 डिग्री की गिरावट आ गई थी, जबकि 24 मई को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा था, जबकि 25 मई को 37 डिग्री सेल्सियस रह गया था. उसके बाद से पहले से सातवें दिन तक तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच झूलता रहा.
.
Tags: Latest hindi news, Mp news, Shivpuri News
FIRST PUBLISHED : June 02, 2023, 15:46 IST









