
मुंबई. ‘रूप तेरा मस्ताना, प्यार मेरा दीवाना’, ‘कोरा कागज था’, ‘मेरे सपनों की रानी कब आएगी तू’, ‘गुनगुना रहे हैं भंवरे’ गीतों की ये लिस्ट देखकर आप समझ गए होंगे कि किस फिल्म की चर्चा हो रही है. 60 के दशक की बेहतरीन फिल्म ‘अराधना’ (Aradhana 1969 film) ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी. फिल्म में राजेश खन्ना (Rajesh Khanna) और शर्मिला टैगोर (Sharmila Tagore) की जोड़ी ने धूम मचा दी थी. लेकिन इस फिल्म में एक और अभिनेत्री भी जिसकी खूबसूरती ने सभी को आकर्षित किया था. हम बात कर रहे हैं फरीदा जलाल (Farida Jalal) की. प्यारी सी मुस्कान वाली फरीदा ने फिल्म में रेणु वर्मा का किरदार निभाया था, जो सूरज यानी राजेश खन्ना की पत्नी थीं. फिल्म में राजेश खन्ना के साथ काम करना फरीदा के लिए आसान नहीं था.
7 नवम्बर 1969 को रिलीज हुई इस फिल्म को शक्ति सामंत ने निर्देशित किया था. फिल्म में राजेश, शर्मिला, फरीदा के साथ ही सुजीत कुमार और अशोक कुमार भी अहम किरदार में थे. फिल्म अपने दौर की ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी. फिल्म में काम करना उस वक्त फरीदा के लिए कुछ परेशानी भरा बन गया था. वाइल्ड फिल्म्स इंडिया के एक वीडियो के में फरीदा ने राजेश के साथ काम करने के अनुभव साझा किए.
सेट पर हो जाता था तनाव
फरीदा के लिए भी यह फिल्म काफी खास बन गई थी. फरीदा के अनुसार, ‘मैं उस समय यंग थी और इंडस्ट्री में नई थी. राजेश खन्ना सुपरस्टार बनने की राह पर थे. मुझे लगता है कि वे न्यूकमर के साथ काम करने में ज्यादा सहज नहीं थे. मैं सेट पर बहुत तनाव में रहती थी. उनके साथ काम करना आसान नहीं था. हम दोनों फिल्म के प्रीमियर के दौरान फ्रेंडली हुए. जब फिल्म खत्म हो गई तब जाकर हम दोनों दोस्त बने. काश, पहले हमारी तालमेल बैठ जाती तो शूटिंग करना आसान हो जाता.’
फरीदा ने टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में कहा था, ‘राजेश खन्ना के साथ रोमांटिक सीन करने में काफी शरम महसूस हो रही थी. ‘बागों में बहार है…’ गाने की शूटिंग करने में बड़ा संकोच हो रहा था लेकिन तब राजेश खन्ना ने मुझे सहज महसूस करवाया और फिर गाना शूट हुआ. फिल्म के हिट होने के बाद अक्सर इवेंट्स में हम साथ जाया करते थे और इस दौरान हमारी दोस्ती हो गई थी.’
.
Tags: Entertainment Special, Rajesh khanna, Sharmila Tagore
FIRST PUBLISHED : June 02, 2023, 14:21 IST








