
उमेश शर्मा/चंडीगढ़: कहते हैं जब कुछ करने का शौक हो तो फिर मुश्किलों को भी रास्ते से हटना पड़ता है. कुछ ऐसी ही कहानी चंडीगढ़ की युवा डॉक्टर मनदीप कौर की है. पेशे से डेंटिस्ट, लेकिन शौक है बॉडी बिल्डिंग का. मनदीप बिकनी कैटेगरी में हिस्सा लेती हैं. 2019 से बॉडी बिल्डिंग की शुरुआत करने वाली मनदीप ने पिछले दिनों पंचकुला में हुए नेशनल शो में चौथा स्थान हासिल किया है.
कई नेशनल लेवल के टूर्नामेंट में शिरकत कर चुकी मनदीप का बॉडी बिल्डिंग की लाइन में आना आसान नहीं था. क्योंकि बिकनी पहन कर स्टेज पर जाना और परफॉर्म करना, उन्हें कहीं न कहीं असहज करता था, लेकिन परिवार के सपोर्ट ने इसे आसान बना दिया. मनदीप का वजन अपनी बीडीएस की स्टडी के दौरान बढ़ गया था. तब आम लड़की की तरह उन्होंने जिम ज्वाइन कर लिया. जिम करते समय ही मनदीप को फीमेल बॉडी बिल्डर के बारे जानकारी हुई. बीएसएस 2019 से लेकर अब तक मनदीप शौक पूरा कर रही हैं और कामयाब भी हैं.
महीने में 50 हजार है डाइट का खर्च
मनदीप के मुताबिक, बॉडी बिल्डिंग एक महंगा खेल है. बिकनी कॉस्ट्यूम ही 70 हजार में आता है. इसके अलावा महीने में 50 हजार तक डाइट पर खर्च होता है. सुबह 4.30 बजे से लेकर रात के डिनर तक की डाइट आम लोगों से हटकर होती है. मनदीप इसी महीने दिल्ली में होने वाले शो के लिए पसीना बहा रही हैं. यही नहीं शो से एक दिन पहले पानी भी न के बराबर पीना होता है. मनदीप का सपना है की वह प्रो कार्ड एथलीट बनें. बॉडी बिल्डिंग में प्रो बनना हर एक का सपना होता है.
.
FIRST PUBLISHED : June 01, 2023, 17:11 IST








