
हाइलाइट्स
सचिन पायलट ने गहलोत सरकार पर फिर बोला हमला
पायलट ने कहा भ्रष्टाचार और नौजवानों के भविष्य को लेकर समझौता संभव नहीं
पायलट ने बीजेपी पर भी साधा निशाना
दौलत पारिक
टोंक. सचिन पायलट ने टोंक जिले के दौरे के दौरान एक बार फिर से गहलोत सरकार पर हमला बोला है. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट में सुलह के दावे और दिल्ली में आलाकमान के साथ मीटिंग के बाद टोंक पहुंचे पायलट के बयान का सबको इंतजार था. गहलोत-पायलट में सुलह के दावों के बीच पायलट ने कहा कि नौजवानों को इंसाफ दिलाने की बात पर समझौता संभव नहीं है. किसी भी कीमत पर भ्रष्टाचार को स्वीकार नहीं किया जा सकता है. कांग्रेस ने हमेशा नौजवानों को प्रोत्साहित कर राजनीति और अन्य क्षेत्रों में आगे आने का मौका दिया है. नौजवानों के साथ कुछ भी गलत होता है तो पार्टी हमेशा खिलाफ रही है. ऐसे में भ्रष्टाचार और नौजवानों के भविष्य को लेकर समझौता संभव नहीं है.
आलाकमान के साथ बैठक को लेकर सचिन पायलट ने कहा कि दिल्ली में मैंने जो मांगे रखीं उसका संज्ञान पार्टी को है. बीजेपी की सरकार में वसुंधरा के खिलाफ जो करप्शन के मुद्दे उठे थे, उसे मुख्यमंत्री गहलोत और मैंने लोगों के सामने रखा था. वो सब पब्लिक डोमेन में है और उन पर प्रभावी जांच होनी चाहिए. आरपीएससी के मुद्दे पर अपनी बात रखते हुए पायलट ने कहा कि कुछ नियुक्तियां बेहतर हो सकती हैं. सचिन पायलट ने कहा कि बीजेपी के शासन काल में व्यापक भ्रष्टाचार हुआ. प्रदेश में लूट मची हुई थी. उसके खिलाफ कार्रवाई करनी पड़ेगी.
आपके शहर से (जयपुर)
कर्नाटक नतीजों के बहाना, बीजेपी पर निशाना
सचिन पायलट ने कर्नाटक नतीजों के बहाने बीजेपी पर निशाना साधा और कहा कि कर्नाटक में बीजेपी का जो हाल हुआ वह हमने देखा है. डबल इंजन के नाम पर झांसा देने वाली बीजेपी सरकार का इंजन सीज होना शुरू हो गया है. कर्नाटक में बीजेपी की भ्रष्ट सरकार के खिलाफ हमने आरोप लगाए और हमारे आरोपों पर जनता ने मोहर लगाई. राजस्थान बीजेपी विपक्ष की भूमिका निभाने में सक्षम नहीं है. साढ़े 4 साल में सदन के अंदर और सदन के बाहर बीजेपी ने मजबूत विपक्ष का प्रमाण नहीं दिया. प्रभावशाली विपक्ष लोकतंत्र की जरूरत है, लेकिन बीजेपी की आपसी खींचतान के कारण जनता बीजेपी से उम्मीद खो चुकी है. इसलिए प्रधानमंत्री बार-बार राजस्थान आकर उम्मीद जगा रहे हैं, लेकिन इससे पार पड़ने वाली नहीं है.
पेपर लीक पर खुलकर बोले पायलट
सचिन पायलट ने विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में दौरा कर विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया. लोगों की समस्याओं को सुनकर जरूरत के हिसाब से आगामी दिनों में सड़क, स्कूल, अस्पताल बनाने के लिए करोड़ों रुपए की घोषणाएं की हैं. टोंक शहर में युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मीडिया से बातचीत में सचिन पायलट ने कहा कि नौजवानों के लिए बात नहीं रखेंगे तो नौजवानों के मन से उम्मीद खत्म हो जाएगी. पेपर लीक और परीक्षा रद्द हमारी प्राथमिकता में नहीं तो हमारी प्राथमिकता में क्या है? किसी को समझना नहीं चाहिए की मैंने अपनी बात रखकर छोड़ दी है. हम अपनी बात पर बने रहेंगे और मैंने प्रदेश के युवाओं की बात रखने में कोई कमी नहीं रखी है. इससे पहले गांवों में लोगों को संबोधित करते हुए पायलट ने इशारों ही इशारों में अपनी सरकार पर निशाना साधा. इसके अलावा पिछले दिनों तूफान के चलते हुए हादसे में शिकार पीड़ित परिवार से मिलकर पायलट ने मौके पर अधिकारियों से वार्ता की और पीड़ित परिवार को सरकारी मदद का भरोसा दिलाया.
.
Tags: Ashok Gehlot Vs Sachin Pilot, Rajasthan news, Sachin pilot, Tonk news
FIRST PUBLISHED : June 01, 2023, 10:57 IST








