
एस. सिंह
चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई द्वारा समर्थित जबरन वसूली गिरोह के तीन सदस्यों का पर्दाफाश किया है. पंजाब के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार लोगों की पहचान जीरकपुर निवासी रोहित भारद्वाज उर्फ रिम्मी, चंडीगढ़ निवासी मोहित भारद्वाज और अर्जुन ठाकुर के रूप में हुई है. उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच और खुफिया जानकारी जुटाने के बाद स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल मोहाली ने तत्काल कार्रवाई शुरू की जिसके परिणामस्वरूप रंगदारी गिरोह में शामिल इन तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस टीम ने आरोपी रोहित भारद्वाज उर्फ रिम्मी के पास से 14.78 लाख रुपये नकद और आरोपियों के पास से बरामद मोबाइल फोन और अन्य पुख्ता सबूत भी बरामद किए है. आरोपी लोगों को धोखा देने के लिए ऑनलाइन गैंबलिंग प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहे थे. डीजीपी ने आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले तरीके की जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए लोग ऑनलाइन गैंबलिंग प्लेटफॉर्म ‘डायमंड एक्सचेंज’ का इस्तेमाल कर कम पैसों में सट्टा लगाकर मोटा मुनाफा कमाने के लिए लोगों को ठग रहे थे.
आरोपी उधार की राशि पर भारी ब्याज वसूलते थे
उनका कहना था कि कुछ इनाम जीतने के बाद जब पीड़ित सट्टे में हारना शुरू कर देता था तो फिर आरोपी लाखों रुपये क्रेडिट पर देने की पेशकश करते थे. उन्होंने कहा कि एक बार जब पीड़ित को क्रेडिट के माध्यम से पैसा मिल जाता है, तो आरोपी उस राशि पर भारी ब्याज वसूलते थे. यह करोड़ों रुपये का धंधा है. डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि जब पीड़ित पैसे वापस नहीं कर पाता था तो ये अपराधी जेल और विदेश में अपने गैंगस्टर साथियों के जरिए उन्हें धमकी भरे फोन कॉल करवाते थे.
बैंक खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि जांच के दौरान पुलिस टीमों ने भुगतान के विभिन्न तरीकों और बैंक खातों की जांच की है, जिनके जरिए पैसे ट्रांसफर किए गए. उन्होंने कहा कि आरोपियों की गतिविधियों से जुड़े बैंक खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. डीजीपी ने कहा कि धोखाधड़ी के लिए इस्तेमाल की गई वेबसाइट के मालिक और इसके संचालन के स्थान की पहचान करने के लिए जांच जारी है.
किराये के फ्लैट से चला रहे थे गैंग
एआईजी एसएसओसी एसएएस नगर अश्विनी कपूर ने आगे की जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी एसएएस नगर के सेक्टर 69 में किराये के फ्लैट से गैंग चला रहा था. उन्होंने कहा कि यह बात भी सामने आई है कि आरोपियों ने लारेंस बिश्नोई गिरोह के इशारे पर मोहाली और चंडीगढ़ में नाइट क्लब और बार मालिकों और कारोबारियों से रंगदारी की गतिविधियों को अंजाम देने में अहम भूमिका निभाई है.
.
Tags: Lawrence Bishnoi, Punjab news, Punjab Police
FIRST PUBLISHED : June 01, 2023, 10:19 IST









