
Rule Change in June: मई का महीना खत्म हो चुका है. जून शुरू हो चुका है और ये महीना आपकी जेब को लेकर बहुत अहमियत रखने वाला है. इस महीने पैसों-रुपयों से जुड़े ऐसे कई बदलाव होने वाले हैं जिनका हमारी जेब और मंथली बजट पर सीधा असर पड़ेगा. ऐसे में इन बदलावों की जानकारी रखना जरूरी है.
आरबीआई की मौद्रिक नीति
वित्त वर्ष 2023-24 में आरबीआई की दूसरी मौद्रिक नीति घोषणा 8 जून को होने वाली है. कर्ज लेने वाले लोगों ने राहत की सांस ली जब आरबीआई ने वित्त वर्ष 2023-24 की पहली द्विमासिक मौद्रिक नीति समीक्षा में अपनी रेपो दर को 6.5 फीसदी पर अपरिवर्तित रखने का फैसला किया था. आपको यह देखने की जरूरत है कि जून एमपीसी की बैठक में ठहराव जारी रहता है या दर में बढ़ोतरी होती है. अगर रेपो रेट वृद्धि होती है, तो बैंक एक बार फिर लोन पर ब्याज दर बढ़ा देंगे.
रिवाइज्ड लॉकर एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), बैंक ऑफ बड़ौदा और कुछ अन्य बैंक अपनी शाखाओं में लॉकर रखने वाले ग्राहकों से 30 जून, 2023 तक रिवाइज्ड लॉकर एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर करने का आग्रह कर रहे हैं. बता दें कि बैंक लॉकर को लेकर बैंकों के एग्रीमेंट को रिन्यू कराने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर, 2023 है, लेकिन आरबीआई ने बैंकों से कहा है कि वो 30 जून, 2023 तक अपना 50 फीसदी रिन्युअल करा लें और 30 सितंबर, 2023 तक 75 फीसदी रिन्युअल हो जाना चाहिए.
बच्चों के नाम पर भी अब म्यूचुअल फंड में निवेश कर पाएंगे अभिभावक
मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) की ओर से म्यूचुअल फंड योजनाओं के संबंध में नया नियम जारी किया गया है. इस नियम के तहत अब अभिभावक अपने बच्चों के नाम पर भी म्यूचुअल फंड में निवेश कर पाएंगे. नया नियम 15 जून से लागू होगा.
म्यूचुअल फंड्स में भी नहीं चलेगी इनसाइडर ट्रेडिंग
सेबी ने फ्रंट रनिंग और इनसाइडर ट्रेडिंग जैसे धोखाधड़ी को पकड़ने के लिए निगरानी और आंतरिक नियंत्रण प्रणाली स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है. सेबी ने कहा है कि इस तरह की प्रणाली फ्रंट-रनिंग, इनसाइडर ट्रेडिंग, उत्पादों की गलत बिक्री, एसेट मैनेजमेंट कंपनी, उसके कर्मचारियों, वितरकों, दलालों, डीलरों द्वारा सूचना के दुरुपयोग को पकड़ने में सक्षम होनी चाहिए. रेगुलेटर ने 3 जून तक प्रस्तावों पर टिप्पणी मांगी है.
म्यूचुअल फंड में निवेश करने वालों को सेबी ने दी खुशखबरी
म्यूचुअल फंड में पारदर्शिता लाने के लिए सेबी ने एमएफ स्कीम में यूनिफार्म टोटल एक्सपेंस रेश्यो (TER) का प्रस्ताव दिया है. म्यूचुअल फंड के लिए इसे बड़ा बदलाव लाने वाला कदम माना जा रहा है. इसके 1 जून तक जमा की जाने वाली फीडबैक की समय सीमा को बढ़ाकर 6 जून कर दी गई है.
15 जून है एडवांस टैक्स की पहली किश्त जमा करने की डेडलाइन
15 जून को असेसमेंट ईयर 2024-25 के लिए एडवांस टैक्स की पहली किश्त का भी भुगतान किया जाएगा. इसी डेट पर फाइनेंशियल ईयर 2022-23 के दौरान भुगतान किए गए वेतन और टैक्स कटौती के संबंध में कर्मचारियों को स्रोत पर टैक्स कटौती का प्रमाण पत्र प्रपत्र संख्या में विवरण प्रस्तुत करने की नियत तिथि है.
हायर पेंशन के लिए 26 जून तक अप्लाई करने का मौका
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के ईपीएस के लिए नई हायर पेंशन स्कीम के लिए अप्लाई करने का आखिरी मौका भी इसी महीने है. ईपीएफओ ने हायर पेंशन स्कीम को लेकर एप्लीकेशन डालने की डेडलाइन 3 मई से आगे खिसकाकर 26 जून, 2023 कर दी थी.
एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्डधारकों के लिए लाउंज एक्सेस लिस्ट में बदलाव
एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्डधारकों को भारत के विभिन्न एयरपोर्ट पर कॉम्प्लिमेंट्री लाउंज का उपयोग मिलता है. हालांकि, कार्ड के प्रकार के अनुसार कॉम्प्लिमेंट्री लाउंज एक्सेस की संख्या की सीमा है. बैंक ने अपने क्रेडिट कार्डधारकों के लिए अपने एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस प्रोग्राम को संशोधित किया है, जो 1 जून, 2023 से प्रभावी है और यह 31 अगस्त, 2025 तक वैध है.
.
Tags: Epfo, Mutual fund, Pension scheme, RBI, SEBI
FIRST PUBLISHED : June 01, 2023, 07:35 IST









