
परमजीत कुमार/देवघर. झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने 12वीं का रिजल्ट जारी कर दिया है. रिजल्ट में बेटियों का जलवा दिख रहा है. देवघर के रोहिणी क्षेत्र की रहने वाली रिशु कुमारी ने कॉमर्स में 87.6 प्रतिशत लाकर जिले में टॉप किया है. एएस कॉलेज सत्संग की छात्रा रिशु कुमारी ने रोज सात से आठ घंटे पढ़ाई कर सफलता हासिल की है. रिजल्ट आने के बाद से परिवार में खुशी का माहौल है.
रिशु कुमारी को इंग्लिश में 83 अंक, अकाउंट में 93, बीएसटी में 90, बीएमटी में 90 व इकोनॉमिक्स में 82 अंक मिले हैं. इस तरह उसे 500 में कुल 438 मार्क्स मिले हैं. ये मार्क्स जिले में कॉमर्स के विद्यार्थियों में सर्वाधिक हैं. रिशु अकाउंट लेकर बीएचयू से ग्रेजुएशन करना चाहती हैं और आगे चलकर सीए बनना उसका सपना है. उसने कहा कि उम्मीद थी कि बेहतर अंक मिलेंगे, लेकिन टॉप करूंगी यह नहीं सोचा था.
टेंशन लेकर पढ़ना गलत
रिशु के पिता राजेश कुमार वर्णवाल देवघर के सत्संग चौक पर कपड़े की दुकान चलाते हैं. वहीं मां डॉली देवी गृहणी हैं. रिशु कुमारी ने कहा कि उसकी सफलता का श्रेय माता-पिता व शिक्षकों को जाता है, जिन्होंने सदा ही उसे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है. रिशु ने कहा कि पढ़ाई को बोझ की तरह नहीं लेना चाहिए. इसे इंजॉय करना चाहिए. टेंशन लेकर पढ़ाई नहीं होती है.
.
FIRST PUBLISHED : May 31, 2023, 21:18 IST








