
उधव कृष्ण/पटना. बिहार के होनहार छात्रों के लिए खुशखबरी है. बीएसईबी द्वार ओलंपियाड 2023 प्रतियोगिता की घोषणा कर दी गई है. सभी सरकारी विद्यालयों के नौवीं और दसवीं कक्षा के विद्यार्थी इसमें भाग लें पाएंगे. इस ओलंपियाड के लिए राज्य के प्रत्येकजिले से तीन विषयों में 4-4 विद्यार्थी चुने जाएंगे.
03 विषयों में आयोजित होगा ओलंपियाड
बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि प्रत्येक विद्यालय से विज्ञान, गणित और अंग्रेजी विषय में 04-04 विद्यार्थियों का चयन विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा किया जाएगा. जो जिला स्तरीय ओलंपियाड प्रतियोगिता में भाग लेंगे. इनमें से सफल प्रतिभागी ही राज्य स्तर पर होने वाले ओलंपियाड प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे. जिसका आयोजन पटना में किया जाएगा.
जिला स्तरीय और राज्यस्तरीय ओलंपियाड प्रतियोगिता परीक्षा के आयोजन के संबंध में परीक्षा तिथि की घोषणा कुछ दिनों में की जाएगी. गौरतलब है कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित बीएसईबी ओलंपियाड प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के बीच विभिन्न स्तरों पर 71,00,000 रुपये से भी अधिक की राशि का वितरण पुरस्कार स्वरूप किया जाएगा.
50 हजार के साथ लैपटॉप मिलेगा इनाम
ओलंपियाड में जिला स्तर पर प्रथम पुरस्कार में 20 हजार रुपये और मेडल दिया जाएगा. द्वितीय पुरस्कार में 15 हजार और तृतीय पुरस्कार में 10 हजार का सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा. जबकि राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार में एक लैपटॉप और 50 हजार रुपये है. वहीं द्वितीय पुरस्कार में एक लैपटॉप और 25 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार के तहत एक लैपटॉप और दस हजार रुपये दिए जाएंगे. सांत्वना पुरस्कार के रूप में एक लैपटॉप और मेडल दिया जाएगा.
बौद्धिक क्षमता को बढ़ाता है ओलंपियाड
बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज कुमार ने News18 Local से बातचीत के क्रम में बताया कि ऐसे ओलंपियाड छात्रों को जिले, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में उनके प्रदर्शन के आधार पर उनकी ताकत और कमजोरियों का विश्लेषण करने में मदद करते हैं. ये परीक्षाएं छात्रों के ज्ञान का पूर्ण मूल्यांकन तो प्रदान करती ही हैं, साथ ही उन्हें शैक्षणिक सुधार की दिशा में भी प्रेरित करती है. आकर्षक पुरस्कार के कारण भी छात्र-छात्राओं का मन पढ़ाई में लगा रहता है. बिहार बोर्ड के अध्यक्ष की इस पहल पर उन्होंने प्रसन्नता भी जताई.
.
FIRST PUBLISHED : May 31, 2023, 21:12 IST








