JAC 12th Result: बर्तन बनाने वाले की बेटी का दिखा दम, 91.6% के साथ आर्ट्स में बनी गुमला टॉपर

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


अनंत कुमार/गुमला. झारखंड बोर्ड ने इंटर के परिणामों की घोषणा कर दी है. गुमला में इंटर के सभी संकाय साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स में लड़कियों ने बाजी मारी है. बर्तन बनाने वाले की बेटी टीना कुमारी ने आर्ट्स में 91.6 प्रतिशत अंक लाकर जिले में टॉप किया है. अपग्रेडेड प्लस टू कंदर्प हाई स्कूल पालकोट की छात्रा टीना को 500 में कुल 458 अंक मिले हैं. अंग्रेजी में 89, संस्कृत में 87, भूगोल में 92, इतिहास में 96 और आईटीएस में 94 अंक हासिल किए हैं.

टीना कुमारी अपने परिवार के साथ गुमला के पालकोट प्रखंड के कनसारी मुहल्ला में रहती है. टीना ने प्राथमिक व मिडिल स्कूल की शिक्षा सोहर साहु सरस्वती शिशु विद्या मंदिर पालकोट एवं माध्यमिक शिक्षा प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल पालकोट से पूरी की है. मैट्रिक में उसे 78.6 फीसदी अंक प्राप्त हुए थे; जबकि इंटर आर्ट्स में बिना ट्यूशन किए सेल्फ स्टडी के दम पर 91.6 फीसदी अंक लाकर डिस्ट्रिक टॉपर बनी है.

सिर्फ 2 से 3 घंटे की पढ़ाई से मारी बाजी
टीना कुमारी ने बताया कि वह रोजाना लगभग 2 से 3 घंटे ही पढ़ती थी, लेकिन पूरे मन से और कॉन्सेप्ट समझ कर पढ़ती थी. एनसीईआरटी बुक को आधार बनाकर स्कूल के नोट्स और सैंपल पेपर्स से पढ़ाई की. उसने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल भी जरूरी है. खेलने के समय खेलें, लेकिन पढ़ाई करने बैठें तो पूरे मन से पढ़ें. साथ ही नियमित पढ़ाई जरूरी है. इससे निश्चित सफलता मिलेगी.

टीना के पिता प्रहलाद कंसारी कांसे के बर्तन बनाते हैं और इसी से परिवार का भरण पोषण करते हैं, लेकिन बच्चों की पढ़ाई में कोई कसर नहीं छोड़ी. टीना की मां सरिता देवी गृहिणी हैं. टीना ने बताया कि मुझे पढ़ाई की प्रेरणा अपने पिता की मेहनत को देखकर मिलती है. अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता व शिक्षकों को देना चाहूंगी. मेरा सपना पढ़ लिखकर वकील बनने की है.

.

FIRST PUBLISHED : May 31, 2023, 09:06 IST

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें