
वेद प्रकाश/ऊधम सिंह नगर : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश के बाद से प्रदेश भर में पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाकर बाहरी लोगों की पहचान की जा रही है. जो लोग बिना सत्यापन के उत्तराखंड में काम कर रहे हैं या किराए पर रहते हैं ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस द्वारा कानूनी कार्रवाई की जा रही है. वहीं पुलिस द्वारा जनता से अपील भी की जा रही है कि जिन लोगों का सत्यापन नहीं हुआ है वो लोग अपना सत्यापन करा लें.
ऊधम सिंह नगर जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले के सभी थानों और कोतवाली में पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाकर सत्यापन किया जा रहा है. एसएसपी के निर्देश पर शुरू हुए अभियान में पुलिस द्वारा डोर टू डोर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. जिन बाहरी लोगों का सत्यापन नहीं हुआ है. ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस द्वारा चालान किया जा रहा है, और मकान मालिक के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है.
2,000 से अधिक संदिग्धों को किया गया चिन्हित
न्यूज 18 लोकल से बातचीत करते हुए सत्यापन अभियान के नोडल अधिकारी और एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देश के बाद से जिले के सभी थाने और कोतवाली क्षेत्रों में पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. इस दौरान पुलिस द्वारा डोर टू डोर जाकर बाहरी व्यक्तियों के बारे में जानकारी ले रही है. उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा अब तक जिले में 11000 से अधिक लोगों का सत्यापन किया गया है. जबकि 2,000 से अधिक संदिग्धों को चिन्हित किया है. इसके साथ ही 1800 से अधिक लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट में चालानी कार्रवाई की गई और 254 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.
सत्यापन नहीं करना पड़ सकता है महंगा
नोडल अधिकारी और एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि क्षेत्र की जनता से अपील है कि जो लोग बाहर से आकर निवास कर रहे हैं, वे लोग अपना सत्यापन करा लें अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि अपने नजदीकी थाना और कोतवाली जाकर सत्यापन कराए या फिर ऑनलाइन CCTNS की वेबसाइट और पुलिस एप से भी अपना सत्यापन कर सकते हैं.
.
FIRST PUBLISHED : May 30, 2023, 22:03 IST








