
नई दिल्ली. कुश्ती संघ के अध्यक्ष और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ जो धरना प्रदर्शन किया जा रहा है उसको लेकर काफी विवाद हो चुका है. 28 मई को जंतर मंतर से धरना को हटाए जाने के बाद पहलवान मंगलवार 30 मई को हरिद्वार अपने जीते हुए तमाम मेडल गंगा में बहाने पहुंचे थे. नरेश टिकैत ने सभी पहलवानों से जाकर बात की और उनसे 5 दिन का समय मांगते हुए मेडल ना बहाने को मनाया. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्पिनर अनिल कुंबले ने विरोध कर रहे पहलवानों के समर्थन में ट्वीट किया है.
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्पिनर गेंदबाज अनिल कुंबले भारतीय पहलवानों के समर्थन में खड़े नजर आ रहे हैं. उन्होंने अपना समर्थन विरोध प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के लिए जताते हुए सोशल मीडिया पर मन की बात लिखी. भारतीय दिग्गज ने जंतर मंतर पर 28 मई को पहलवानों के साथ किए गए व्यवहार पर खेद जताया.
भारतीय टीम के पूर्व स्पिनर अनिल कुंबले ने देश के लिए मेडल जीतने वाले पहलवानों के साथ 28 मई को एक्शन पर ट्वीट किया. उन्होंने अपना समर्थन जताते हुए लिखा, जिस तरह हमारे देश के पहलवानों के साथ 28 मई को बदसलूकी की गई थी उसके बारे में मैंने सुना और यह सुनने के बाद बहुत ही ज्यादा दुख पहुंचा. मेरा तो यही मानना है कि किसी भी बात का हम उचित संवाद के जरिए समाधान जरूर निकाल सकते हैं. मुझे इस बात की उम्मीद है कि जल्द से जल्द समाधान निकाला जाएगा.
.
Tags: Anil Kumble
FIRST PUBLISHED : May 30, 2023, 20:16 IST








