
आशीष शर्मा/दौसा. ऑनलाइन कंपनी बनाकर अच्छे मुनाफे का झांसा देकर लोगों से निवेश करवाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में दौसा पुलिस ने सफलता प्राप्त की है. इन आरोपियों ने 92 लोगों से 31 लाख 20 हजार रुपयों की ठगी करने का आरोप है. अब पुलिस की पूछताछ में इस ठगी के खेल अन्य परते भी खुलेंगी.
सदर थानाधिकारी संजय पुनिया ने बताया कि 31 जनवरी 2023 को भाण्डारेज निवासी जगदीश प्रसाद शर्मा ने सदर थाने पर एक रिपोर्ट दी जिसमें बताया कि अप्रेल माह 2022 में आर्टिफिशियल मेटावर्स टैक्नोलोजी लिमिटेड के नाम से एक कंपनी बनाकर अच्छे मुनाफे का झांसा देकर लोगों से निवेश करवाते हैं. इस कंपनी का ऑफिस इंग्लैण्ड में बताकर कंपनी का रजिस्ट्रेशन यूके की ऑफिसियल वेबसाईट पर दिया गया था.
इस वेबसाइट पर कंपनी के बारे में बताया कि कंपनी मेटावर्स टैक्नोलोजी से फोरेक्स में ट्रेंडिंग करती है तथा जल्दी ही अपना खुदा का एएमटीएल के नाम से कॉईन लाने वाली है. कंपनी का सीईओ इंग्लैंड निवासी जेरोम ब्राउन है. ऐसे में विदेश की कम्पनी के नाम पर अच्छे मुनाफे का झांसा देकर आरोपी नितेश कुमार मीना और राजेन्द्र कुमार ने दौसा के सैंकड़ों लोगों को कंपनी का बिजनेस प्लान बताया व झूठा झांसा देकर फर्जी कंपनी में निवेश करवाया तथा कुछ प्रतिशत राशि वापस देकर लोगों को विश्वास में ले लिया.
31 लाख रुपए की हुई थी धोखाधड़ी
आरोपियों ने अपने-अपने खाता नंबर व फोन पे नंबर दे दिये जिनमें लोगों से पैसे जमा कराते थे. इस प्रकार परिवादी सहित कुल 92 लोगों के द्वारा 31 लाख 20 हजार रूपये आरोपियों द्वारा बताये गये खाता नंबर व फोन पे नंबरों पर डाल दिये गये.
निवेशकर्ताओं को आभास हुआ कि यह कंपनी फर्जी है तथा इसको नितेश मीना व इसके साथी ही चला रहे हैं तो सितंबर 2022 में निवेशकर्ताओं द्वारा नितेश मीना व उसके साथियों कोबुलाया व फर्जी कंपनी बताकर पैसे वापस लौटाने के लिये कहा तो आरोपियों ने राशि वापिस लौटाने का आश्वासन दे दिया लेकिन आज तक पैसा नहीं लौटाया.
पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. दौसा एसपी संजीव नैन के निर्देश पर इस मामले में एक टीम का गठन किया गया. टीम ने इस मामले की जांच शुरू कर नितेश कुमार मीना निवासी कंचनपुरा जिला सीकर व राजेन्द्र कुमार बैरवा निवासी डांडा का बास तन मूंडघिस्या से पूछताछ की गई. पूछताछ से सामने आया कि मुलजिम आर्टिफिशियल मेटावर्स टैक्नोलोजी लि० के नाम से एक कंपनी बनाकर अच्छे मुनाफे का झांसा देकर लोगों से निवेश करवाकर ठगी करते हैं. इस पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी.
.
FIRST PUBLISHED : May 30, 2023, 19:54 IST








