
कुंदन कुमार / गया. जिले में 3 लाख 23 हज़ार 958 किसान, PM किसान सम्मान निधि का लाभ ले रहे हैं. लेकिन इस बार करीब 52 हज़ार से ज्यादा किसानों को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा. जिले के 51503 किसानों ने अभी तक E-KYC नहीं कराया है. इस वजह से किसानों को इस बार योजना का लाभ नहीं मिलेगा. इस योजना का लाभ लेने के लिए E-KYC सबसे ज्यादा जरूरी है. जिन भी किसानों ने अभी तक E-KYC नहीं कराया है. उन्हें इस योजना की 14वीं किस्त नहीं मिलेगी. ये किस्त जून के पहले सप्ताह में जारी की जा सकती है.
31 मई तक चलेगा पीएम किसान कैंप
जिला कृषि पदाधिकारी सुदामा महतो ने बताया कि हर ब्लॉक में किसानों के लिए PM किसान कैंप लगाया जा रहा है. यह कैंप 31 मई तक चलेगा. किसान इन कैंप में जाकर E-KYC करा सकते हैं. किसान अपने पंचायत के कृषि कॉर्डिनेटर से भी संपर्क कर सकते हैं. जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि जिले में 323958 पीएम किसान योजना के लाभार्थी हैं. इन किसानों में मात्र 272455 किसानों का ही E-KYC हुआ है. इस तरह 51503 किसान ऐसे है जो अभी तक E-KYC नही करा सके है. इन किसानों की 31 मई के बाद पीएम किसान योजना की पात्रता समाप्त हो जायेगी और उन्हें सालाना मिलने वाले 6000 रुपये से वंचित कर दिया जाएगा. उन्होंने कृषि कॉर्डिनेटर, बीटीएम, एटीएम, और सभी किसान सलाहकारों को E-KYC नही कराने वाले सभी लाभार्थियों को हर हाल में दिनांक 31 मई तक ईकेवाईसी कराने की सलाह देने का निर्देष दिया है.
किसानों को मिलती साल में 6,000 रुपए की आर्थिक मदद
पीएम किसान सम्मान निधि योजना में किसानों को केंद्र सरकार द्वारा एक साल में 6,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है. केंद्र सरकार इसमें 2000 रुपए तीन किस्तों में किसानों के अकाउंट में भेजती है. ये किस्त अप्रैल-जुलाई, अगस्त-नवंबर और दिसंबर-मार्च के महीने में भेजी जाती है. इस योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को बीती 27 फरवरी को 13वीं किस्त के पैसे मिल गए थे. जिसके बाद से 14वीं किस्त को लेकर किसान इंतजार कर रहे है.
.
FIRST PUBLISHED : May 30, 2023, 13:33 IST








