
नई दिल्ली: हम लाख फिल्में बना लें, अलग-अलग तरीकों से समझा ले, जागरूकता फैला लें. लेकिन समाज में जड़ों की तरह जमी हुई महिलाओं के प्रति सोच खत्म होना बेहद मुश्किल है. भले ही यह कहा जाता है कि अगर लड़की ना कह रही है तो उसका मतलब ना ही है. लेकिन इस बात को समझ पाना पुरुष प्रधान समाज के लिए लगभग असंभव है. वह इनकार को अपने अंहकार पर लेता है और नतीजतन जो होता है वह दिल्ली की सड़क पर नजर आया. जब एक 20 वर्षीय युवक ने खुलेआम एक 16 वर्षीय लड़की को 22 बार चाकू से गोदकर बेरहमी से मार डाला. उसका मन इतने से ही नहीं भरा तो उसने उसके सिर पर पत्थर तक पटक दिया. दर्जनों लोग इस घटना के गवाह बने. अब लड़के ने गुस्से में आकर अपराध करने की बात कबूल ली है. आरोपी साहिल जो एसी सुधारने का काम करता है उसे उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया गया है.
कोई पछतावा नहीं
पुलिस का कहना है कि, रात भर चली पूछताछ में पता चला कि लड़की की हत्या करने को लेकर उसे किसी तरह का कोई पछतावा नहीं है. साहिल ने कथित तौर पर कहा कि लड़की उससे रिश्ता तोड़ना चाहती थी. दोनों के बीच पिछले 3 सालों से संबंध थे लेकिन लड़की ने रिश्ता खत्म करने की कोशिश की थी.
कैसे दिया अपराध को अंजाम
रविवार की शाम को लड़की अपने दोस्त के घर बर्थडे पार्टी में जा रही थी, तभी साहिल ने उस पर चाकू से हमला कर दिया. फुटेज में दिखा है कि साहिल ने उस पर लगातार चाकू से वार किया और उसे लातें मारीं. यहां तक कि उसके शांत हो जाने के बाद भी वह नहीं रुका. फिर उसने एक पत्थर का टुकड़ा उठाया और उससे उस पर वार किया, फिर उसे वहीं छोड़ गय. फिर वापस आकर पत्थर को उसके सिर पर दे मारा.
आपके शहर से (दिल्ली-एनसीआर)
ये भी पढ़ें- दिल्ली मर्डर केस: ‘वकील बनना चाहती थी बेटी’- साक्षी के पिता ने बताई …
फुटेज में नजर आया कि जब वह लड़की को मार रहा था तो किसी ने उसे रोकने की कोशिश नहीं की. साहिल ने कथित तौर पर चाकू फेंका और बुलंदशहर की बस पकड़ ली, जहां वह अपने रिश्तेदार के घर छिपा था.
लड़की ने नजरअंदाज किया तो मार डाला
पुलिस सूत्रों का कहना है कि वह लड़की के उसे नजरअंदाज किये जाने से गुस्से में था. बताया जा रहा है कि हत्या से एक दिन पहले दोनों के बीच लड़ाई हुई थी और लड़की ने पुलिस के पास जाने की धमकी दी थी. यहां तक कि उसे दूर रखने के लिए खिलौना पिस्तौल भी रखी हुई थी. साहिल को शक था कि लड़की के पूर्व प्रेमी से संबंध थे. पुलिस को फोन किए जाने तक लड़की का शरीर 25 मिनट तक सड़क पर पड़ा रहा. पुलिस ने बताया कि उसके शरीर पर 34 घाव थे और खोपड़ी फट चुकी थी.
.
Tags: Delhi, Delhi Crime, Delhi police
FIRST PUBLISHED : May 30, 2023, 11:57 IST








