
मुंबई. विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) विधायक अजीत पवार ने पार्टी अध्यक्ष शरद पवार के उलट जाकर नए संसद भवन का समर्थन किया है. उन्होंने सोमवार को कहा, ‘देश की जनसंख्या जो 135 करोड़ के पार जा रही है उसे ध्यान में रखते हुए उनका प्रतिनिधित्व करने वाले लोग भी बढ़ेंगे. इसलिए मुझे व्यक्तिगत रूप से लगता है कि इस नए संसद भवन की जरूरत थी. इसे रिकॉर्ड समय में बनाया गया है, यहां तक कि कोविड काल के दौरान भी काम चलता रहा. अब इस नए भवन में, सभी को संविधान के अनुसार काम करना चाहिए और आम लोगों के मुद्दों को हल करना चाहिए, सभी को इसमें भाग लेना चाहिए.’
दरअसल, एनसीपी के अध्यक्ष शरद पवार ने नये संसद भवन के उद्घाटन कार्यक्रम से दूर रहने संबंधी विपक्षी दलों के फैसले का बचाव करते हुए कहा था कि इस बारे में सांसदों को भरोसे में नहीं लिया गया. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बीते 28 मई को नये संसद भवन का उद्घाटन किया, जहां एनसीपी सहित बीस से अधिक विपक्षी दलों ने समारोह का बहिष्कार करने का फैसला किया था. उनका कहना था कि नये संसद भवन का उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा किया जाना चाहिए.
.
Tags: Ajit Pawar, New Parliament Building, Sharad pawar
FIRST PUBLISHED : May 30, 2023, 06:06 IST









