
उधव कृष्ण/पटना. राजधानी पटना में 4 सालों के बाद डिज्नीलैंड मेले का आयोजन किया गया है. लंदन ब्रिज की थीम पर इसका प्रवेश द्वार बनाया गया है, जिसके 170 फीट लंबे रैंप पर लोग चलते हुए मेले में प्रवेश करते हैं. आयोजक विक्की पांडेय ने बताया कि जल्द ही यूरोप का मशहूर सुनामी रेंजर झूला और फिश टनल भी बनकर तैयार हो जाएगा.
विक्की की मानें तो पटना में पहली बार यूरोप का मशहूर सुनामी रेंजर झूला लगाया जा रहा है. इसकी तैयारी अंतिम चरण में है. ओपन एयर वाला यह झूला लोगों के बीच पहले ही काफी मशहूर है. पटना वासी बहुत जल्द इस खुले हुए विदेशी रेंजर झूले का आनंद उठा पाएंगे. साथ ही लोग अंडर वॉटर फिश टनल का भी आनंद ले सकेंगे, जिसमें 6 इन्च से लेकर 6 फीट तक की मछलियां रहेंगी.
बता दें कि इस मेले में आकर्षक लाइटिंग के साथ कई प्रकार के गेम्स की व्यवस्था भी की गई है. सुरक्षा के लिए प्रशासन, गार्ड और जगह-जगह पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं. इसके अलावा परिसर में धूल कण नहीं उड़ें, इसके लिए पूरे परिसर में हरे रंग का मैट लगाया गया है.
स्वादिष्ट व्यंजन के कई स्टॉल
डिज्नीलैंड मेले में देसी-विदेशी मिलाकर कुल 20 झूले लगाए गए हैं, जिसमें टावर झूला, ब्रेक डांस, मेरी कोलंबस, टोरा-टोरा, मिकी माउस, मोटर बाईक, धूम बाइक, बॉल बाउंसिंग आदि शामिल हैं. साथ ही महिलाओं के लिए घरेलू सामान, बच्चों के खिलौने और अन्य तरह के सामान की सेल भी है. इन सबके अलावा यहां एक से कई स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल भी हैं. फिलहाल मेले का समय शाम 4 से रात्रि 10 बजे तक रखा गया है, पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए आयोजक समिति जल्द ही समय में बदलाव करने वाली है.
.
FIRST PUBLISHED : May 29, 2023, 18:09 IST








