बैद्यनाथ मंदिर के भक्तों को राहत; शीघ्र दर्शनम कूपन के बढ़े शुल्क स्थगित, पुराने रेट पर ही मिलेंगे

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

परमजीत कुमार/देवघर. विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर के शीघ्र दर्शनम कूपन के बढ़ाए गए शुल्क को स्थगित कर दिया गया है. फिलहाल पहले की तरह ही पुरानी दर पर भक्तों को शीघ्र दर्शनम कूपन उपलब्ध कराया जाएगा. देवघर डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी साझा की है.

बता दें कि सोमवार की शाम देवघर डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने मंदिर के तीर्थ पुरोहितों के साथ बैठक कर शीघ्र दर्शनम कूपन के शुल्क में वृद्धि की घोषणा की थी. कूपन का शुल्क आम दिनों में 250 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये और विशेष दिनों में 500 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये करने का फैसला लिया गया था. नया शुल्क अगले सोमवार से लागू होना था.

लेकिन रात करीब 8.30 बजे देवघर डीसी ने ट्वीटर पर शीघ्र दर्शनम कूपन के बढ़े हुए शुल्क को स्थगित करने की जानकारी दी. उन्होंने लिखा ‘बाबा मंदिर में शीघ्र दर्शनम कूपन के बढ़ाए गए शुल्क को अभी स्थगित रखा गया है. पूर्व की तरह पुराने शुल्क पर ही शीघ्र दर्शनम कूपन बाबा मंदिर से कोई भी श्रद्धालु प्राप्त कर सकते हैं.’

क्या है शीघ्र दर्शनम कूपन
बाबा मंदिर में देश-विदेश से श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने के लिए पहुंचते हैं. उनमें से कई बच्चे, बूढ़े, महिलाएं ऐसी होती हैं जो लंबी कतार में लग कर पूजा करने में असमर्थ होती हैं. वैसे श्रद्धालुओं के लिए या कोई भी अन्य श्रद्धालु जो कम समय में पूजा-अर्चना करना चाहते हैं, उनके जल्दी गर्भगृह तक पहुंचाने के लिए अलग रास्ता बनाया गया है. उस रास्ते पर सिर्फ वहीं श्रद्धालु जा सकते हैं, जिनके हाथों में शीघ्र दर्शनम कूपन होता है. शीघ्र दर्शनम कूपन पाने के लिए श्रद्धालुओं को कीमत भी चुकानी पड़ती है.

क्या है कीमत
आम दिनों में शीघ्र दर्शनम कूपन की कीमत जहां 250 रुपये होती है, वहीं किसी खास दिनों में इसकी कीमत 500 रुपये कर दी जाती है. शीघ्र दर्शनम कूपन के काउंटर साल भर खुले रहते हैं. कोई भी भक्त शुल्क का भुगतान कर मंदिर में बने काउंटर से कूपन प्राप्त कर सकते हैं.

Tags: Deoghar news, Dharma Aastha, Jharkhand news

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें