
हाइलाइट्स
शुभमन गिल ने आईपीएल 2023 में धमाकेदार पारी खेली
उन्होंने आईपीएल के 16वें सीजन में 3 शतक जड़े
नई दिल्ली. गुजरात टाइटंस के ओपनर शुभमन गिल (Shubman Gill) के सिर ऑरेंज कैप का ताज सजा है. गिल ने आईपीएल 2023 में सर्वाधिक रन बनाए. उन्होंने चेन्नई सुपरकिंग्स (GT vs CSK) के खिलाफ फाइनल मुकाबले में 20 गेंदों पर 39 रन की पारी खेली. इसके साथ ही उन्होंने इस सीजन अपने रनों की संख्या 890 पर पहुंचा दी जो आईपीएल के 16वें सीजन में किसी बैटर का सर्वाधिक है. गिल ने 17 मैचों में ये रन जुटाए. आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वाले बैटर को ऑरेंज कैप (IPL Orange Cap) से नवाजा जाता है.
शुभमन गिल इस दौरान विराट कोहली के रिकॉर्ड को तोड़ने से चूक गए. कोहली के नाम आईपीएल के एक सीजन में सर्वाधिक 973 रन बनाने का रिकॉर्ड है जो उन्होंने साल 2016 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए बनाया था. हालांकि एक सीजन में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में गिल कोहली के बाद दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. शुभमन गिल आईपीएल में ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने 23 साल 263 दिन की उम्र में यह उपलब्धि अपने नाम की है. गिल ने ऋतुराज गायकवाड़ का रिकॉर्ड ब्रेक किया है जिन्होंने 2011 में 24 साल 257 दिन की उम्र में ऑरेंज कैप पर कब्जा किया था.
यह भी पढ़ें:WTC Final की तैयारियां जोरों पर… मौसम ने पहुंचाई बाधा तो कैसे निकलेगा रिजल्ट? कौन होगा अंपायर? जानिए सबकुछ
शुभमन गिल सर्वाधिक बाउंड्री जड़ने के मामले में चौथे नंबर पर
शुभमन गिल के बाद इस सीजन जिस बैटर ने सबसे अधिक रन बनाए वो आरसीबी के कप्तान फाफ डुप्लेसी हैं. डुप्लेसी ने 14 मैचों में 730 रन अपने नाम किए. एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा बाउंड्री (चौके और छक्के) जड़ने के मामले में गिल चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं. गिल ने इस सीजन 85 चौके और 33 छक्के जड़े. इस लिस्ट में राजस्थान रॉयल्स के ओपनर जोस बटलर 128 बाउंड्री के साथ पहले नंबर पर हैं जबकि 122 बाउंड्री के साथ विराट दूसरे नंबर पर विराजमान हैं. डेविड वॉर्नर 119 बाउंड्री के साथ तीसरे नंबर पर हैं.
गिल के लिए शानदार रहा यह साल
शुभमन गिल ने इसके साथ आईपीएल के एक सीजन में स्पिनर्स के खिलाफ सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. उन्होंने इस दौरान विराट कोहली को पीछे छोड़ा. कोहली ने साल 2016 में यह उपलब्धि अपने नाम किया था. गिल के लिए पिछले 5 महीने शानदार रहे हैं. उन्होंने क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में मिलाकर कुल 8 शतक जड़े हैं.
.
Tags: Chennai super kings, Gujarat Titans, IPL 2023, Shubman gill, Virat Kohli
FIRST PUBLISHED : May 29, 2023, 21:06 IST








