
नई दिल्ली. आज दिल्ली-NCR में आंधी (Thunderstorm) के साथ बारिश (Rain) हो सकती है. पिछले 24 घंटे में दिल्ली में 1.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department- IMD) के मुताबिक 29 मई को दिल्ली में अधिकतम तापमान (Maximum Temperature) 35 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. 28 मई को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. जो सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस कम रहा. आईएमडी ने आज उत्तर प्रदेश में भी आंधी और बारिश होने की संभावना जताई है. आज राजस्थान और केरल में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की उम्मीद है. आईएमडी ने आज दिल्ली-NCR समेत 21 राज्यों में बारिश होने की संभावना जताई है.
आईएमडी ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और यूपी में आंधी, बारिश और ओले गिरने (Hailstorm) को लेकर ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) भी जारी किया है. आईएमडी ने आज उत्तराखंड, जम्मू- कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और पश्चिम राजस्थान में अलग-अलग जगहों पर बिजली गिरने, आंधी ( हवा की रफ्तार 50-60 किमी. प्रति घंटे), और गरज के साथ बारिश होने और ओले गिरने की संभावना जताई है. आईएमडी के मुताबिक आज पश्चिम उत्तर प्रदेश, हरियाणा में बिजली गिरने, तूफान ( हवा की गति 50-60 किमी. प्रति घंटे) और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है.
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में बिजली और आंधी के साथ बारिश हो सकती है. वहीं ओडिशा, विदर्भ, केरल और माहे, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गंगीय पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़, पंजाब, गुजरात, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल और लक्षद्वीप में बिजली गिरने, आंधी और गरज के साथ बारिश हो सकती है. आईएमडी के मुताबिक एक नया पश्चिमी विक्षोभ 29 मई से उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित कर संकता है. जबकि एक चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर स्थित है और निचले क्षोभमंडलीय स्तरों में मध्य प्रदेश तक एक ट्रफ चल रही है. इनके असर से अगले कुछ दिनों तक इन जगहों पर मौसम खराब हो सकता है. वहीं अगले दो दिनों के दौरान बंगाल की दक्षिण खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ और हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं.
.
Tags: Weather Alert, Weather forecast, Weather in North India, Weather updates
FIRST PUBLISHED : May 29, 2023, 05:56 IST








